हल्द्वानी के सीजीएचएस वेलनेस सेंटर को जल्द मिलेगी नई सौगात, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने सांसद अजय भट्ट को लिखा पत्र

भवन का नवीनीकरण पूरा, फर्नीचर और चिकित्सा उपकरणों की खरीद भी संपन्न; संचालन की औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया जारी

हल्द्वानी। हल्द्वानी के देव विहार, पांडे नवाड़ क्षेत्र में प्रस्तावित केंद्रीय सरकारी स्वास्थ्य योजना (सीजीएचएस) वेलनेस सेंटर को क्रियाशील बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने नैनीताल-ऊधम सिंह नगर के सांसद अजय भट्ट को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है। 16 अक्टूबर 2026 को जारी पत्र में मंत्री ने बताया कि वेलनेस सेंटर के लिए चिह्नित भवन का नवीनीकरण कार्य पूरा हो चुका है। साथ ही आवश्यक फर्नीचर और चिकित्सा उपकरणों की खरीद भी की जा चुकी है।

सांसद अजय भट्ट ने 6 सितंबर 2026 को पत्र लिखकर हल्द्वानी में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर को क्रियाशील बनाने का विषय उठाया था। इसके जवाब में केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भवन को सीजीएचएस देहरादून को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

पत्र के अनुसार, सेंटर के संचालन से संबंधित औपचारिकताएं पूरी करने में कुछ अतिरिक्त समय लग रहा है। इसमें कमिस्ट की नियुक्ति से जुड़ी प्रक्रिया भी शामिल है, जो न्यायालय में लंबित एक मामले के कारण प्रभावित हुई है। केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया है कि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए मामले में कार्रवाई की जा रही है।

हल्द्वानी में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर शुरू होने से क्षेत्र के पात्र केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके आश्रितों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है। श्री भट्ट ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जगत प्रकाश नड्डा जी मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी जी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में लगातार किए जा रहे पत्राचार के चलते अब क्षेत्र के लोगों को इसका लाभ मिलेगा।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page