सुप्रीम कोर्ट के फैसले से पहले अलर्ट मोड पर नैनीताल पुलिस, SSP ने संभाला मोर्चा

नैनीताल। रेलवे भूमि अतिक्रमण मामले में माननीय सुप्रीम कोर्ट के अहम फैसले से पूर्व नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। मंगलवार, 9 सितंबर 2026 को SSP नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्वयं मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

SSP ने कहा कि सरकारी कार्यवाही के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। जनपद की सीमाओं पर सघन चेकिंग, संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती तथा संदिग्ध व्यक्तियों की विशेष निगरानी की जा रही है।

पुलिस द्वारा बिना पहचान-पत्र अथवा अनावश्यक रूप से घूम रहे लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही अवांछनीय तत्वों पर नजर रखते हुए क्षेत्र में लगातार एरिया डोमिनेशन की कार्रवाई की जा रही है। सभी राजपत्रित और अराजपत्रित अधिकारियों सहित भारी पुलिस बल ने मोर्चा संभाल लिया है।

नैनीताल पुलिस सोशल मीडिया पर भी पैनी नजर बनाए हुए है। अफवाह, भ्रामक सूचना फैलाने या अनर्गल बयानबाजी करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

SSP डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने आमजन से सर्वोच्च न्यायालय के आगामी फैसले का सम्मान करने और शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page