साइबर सुरक्षा जागरूकता माह: नैनीताल पुलिस का “Cyber Saathi” अभियान, मुखानी से पंत पार्क रामलीला तक लोगों को किया जागरूक

हल्द्वानी साइबर सुरक्षा जागरूकता माह के तहत नैनीताल पुलिस द्वारा जिले भर में साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी के निर्देशन में “Cyber Saathi – A Joint Awareness Initiative” अभियान के तहत साइबर क्राइम सेल और सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में थाना मुखानी, लालकुआं, काठगोदाम, हल्द्वानी क्षेत्र में तथा तल्लीताल के पंत पार्क में चल रही रामलीला में भी नैनीताल पुलिस ने स्थानीय जनता, स्कूली छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को साइबर अपराधों और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
पुलिस टीम ने लोगों को वर्तमान में हो रहे प्रमुख साइबर फ्रॉड के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया –
फर्जी ऑनलाइन जॉब ऑफर एवं पार्ट-टाइम जॉब फ्रॉड
सोशल मीडिया फ्रॉड एवं फर्जी प्रोफाइल बनाकर ठगी
ऑनलाइन गेमिंग एवं रिवार्ड के नाम पर स्कैम
फर्जी निवेश एवं ट्रेडिंग योजनाओं के माध्यम से ठगी
UPI एवं QR कोड स्कैन के जरिए धोखाधड़ी
डिजिटल अरेस्ट के नाम पर डराकर वसूली
फिशिंग लिंक, संदिग्ध वेबसाइट और फर्जी ऐप
OTP, PIN, CVV और बैंकिंग की गोपनीय जानकारी साझा करने से होने वाले फ्रॉड
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी अक्सर लोगों के विश्वास, लालच, भय और जल्दबाजी का फायदा उठाते हैं। इसलिए किसी भी अनजान कॉल, संदिग्ध मैसेज, लिंक, QR कोड, ऑनलाइन ऑफर अथवा निवेश योजना पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें।
पुलिस ने अपील की है कि अपनी गोपनीय बैंकिंग जानकारी, OTP, PIN, CVV किसी के साथ साझा न करें और किसी भी अनजान लिंक या संदिग्ध ऐप को डाउनलोड करने से बचें।
साइबर ठगी होने पर क्या करें?
नैनीताल पुलिस ने बताया कि यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें और भारत सरकार के National Cyber Crime Reporting Portal – cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। तत्काल शिकायत से पैसे वापस मिलने की संभावना बढ़ जाती है।







