सांसद अजय भट्ट ने बेस अस्पताल का किया औचक निरीक्षण, अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

*साफ-सफाई, मशीनों के रखरखाव और मरीजों के तीमारदारों की समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश

हल्द्वानी। नैनीताल–उधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने आज हल्द्वानी स्थित बेस अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल में मिली अव्यवस्थाओं पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सांसद ने अस्पताल की साफ-सफाई, चिकित्सा उपकरणों एवं मशीनों के रखरखाव और मरीजों के तीमारदारों को होने वाली परेशानियों की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनाने तथा मशीनों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही मरीजों और उनके परिजनों को उपचार के दौरान किसी तरह की अनावश्यक परेशानी न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

इस दौरान अजय भट्ट ने अस्पताल में मौजूद स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मरीजों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए उन्होंने मौके पर ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नैनीताल से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार लाने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

सांसद ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार और सुविधाएं मिलनी चाहिए। इसके लिए साफ-सफाई, उपकरणों के रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने पर जोर दिया।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page