वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से होगा समाधान
सुरक्षा, स्वास्थ्य, साइबर ठगी और सुगम आवागमन पर मंथन; विभागवार समय-सीमा तय कर समस्याओं के निस्तारण के निर्देश

हल्द्वानी, 7 सितंबर 2026। वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सुविधाओं को लेकर नगर निगम सभागार में वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष नवीन वर्मा एवं अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने की।
बैठक में उपाध्यक्ष नवीन वर्मा ने कहा कि सरकार वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वरिष्ठ नागरिक समाज के महत्वपूर्ण आधार स्तंभ हैं और उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए सुरक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, बैंकों में वरीयता, सुरक्षित फुटपाथ और सुगम आवागमन जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
समयबद्ध तरीके से हो समस्याओं का समाधान
अपर जिलाधिकारी विवेक राय ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ लेते हुए उनका प्राथमिकता से निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए विभागवार समय-सीमा निर्धारित की जाए, ताकि वरिष्ठ नागरिकों को अपनी शिकायतों के निस्तारण के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
बीट पुलिस की नियमित विजिट और नोडल अधिकारी की मांग
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों ने सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्था को मजबूत करने की मांग उठाई। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के घरों पर बीट पुलिस की नियमित विजिट, वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित मामलों के समन्वय के लिए पुलिस विभाग में नोडल अधिकारी की नियुक्ति तथा जिला प्रशासन स्तर पर भी नोडल अधिकारी नामित करने का आग्रह किया।
इसके अलावा शहर में सुगम आवागमन, अतिक्रमण मुक्त व्यवस्था, सुरक्षित फुटपाथ, नगर निगम हल्द्वानी सहित जनपद में सार्वजनिक स्वच्छता एवं पर्याप्त शौचालय व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग भी रखी गई।
साइबर ठगी से बचाव को लेकर पुलिस की अपील
पुलिस क्षेत्राधिकारी अमित कुमार ने वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि वर्तमान समय में वरिष्ठ नागरिक साइबर ठगी का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने अपील की कि साइबर ठगी की किसी भी घटना या आशंका की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करें।
उन्होंने बताया कि जिन वरिष्ठ नागरिकों के बच्चे दूसरे शहरों या राज्यों में रहते हैं और वे अपने घर पर अकेले निवास कर रहे हैं, वे अपने नाम और मोबाइल नंबर संबंधित थाने में अवश्य दर्ज कराएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर पुलिस तत्काल उनसे संपर्क कर सके। किसी भी आपात स्थिति में 112 पुलिस हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।
कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में वरिष्ठ नागरिक कल्याण समिति के अध्यक्ष भुवन भास्कर पांडे, डी.के. पांडे, एसडीएम मोनिका, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनुलेखा बिष्ट सहित स्वास्थ्य, समाज कल्याण, नगर निगम, पेयजल, विद्युत एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के लिए विभागीय स्तर पर प्रभावी कार्रवाई तथा आपसी समन्वय को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।








