रुद्रपुर मेडिकल कॉलेज में 2027-28 से शुरू होंगी 100 MBBS सीटें: अजय भट्ट

सरकार के प्रयासों से चिकित्सा शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा, सांसद ने जताया आभार

रुद्रपुर। पं. रामसुमेर शुक्ल स्मृति राजकीय मेडिकल कॉलेज, रुद्रपुर में शैक्षणिक सत्र 2027-28 से 100 MBBS सीटों के साथ संचालन का मार्ग प्रशस्त होने पर नैनीताल-ऊधम सिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को शुरू कराने के लिए लंबे समय से प्रयास किए जा रहे थे। केंद्र सरकार अब तक इस परियोजना के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि उपलब्ध करा चुकी है। परियोजना 90:10 के वित्तीय अनुपात पर आधारित है, जिसमें शेष राज्यांश उत्तराखंड सरकार वहन कर रही है।

उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज को वर्तमान शैक्षणिक सत्र से शुरू कराने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से लगातार संपर्क, पत्राचार और व्यक्तिगत वार्ता की गई थी। प्रधानमंत्री को भी पत्र भेजकर कॉलेज को जल्द शुरू करने का अनुरोध किया गया था। हालांकि, कुछ तकनीकी कारणों से इसे वर्तमान सत्र में शुरू नहीं किया जा सका। अब शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए आवश्यक निर्देश जारी होने से संचालन की दिशा में प्रगति हुई है।

अजय भट्ट ने कहा कि मेडिकल कॉलेज में 100 MBBS सीटें उपलब्ध होने से कुमाऊं क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के नए अवसर मिलेंगे। साथ ही, भविष्य में प्रशिक्षित चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ने से प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने इस उपलब्धि को उत्तराखंड के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए प्रदेशवासियों को बधाई दी।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page