रुड़की में युवक पर दो विवाहित बहनों की हत्या का आरोप, गिरफ्तार

रुड़की। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम एक युवक ने कथित तौर पर अपनी दो विवाहित बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना में छोटी बहन का पति भी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, चुड़ियाला निवासी संगीता (50) प्रीत विहार कॉलोनी में अपने बेटे के साथ रह रही थीं। उनकी छोटी बहन पुष्पा (42) अपने पति संदीप के साथ सुभाषनगर क्षेत्र में किराये के मकान में रहती थीं।

बताया गया कि आरोपी विवेक ने पहले संगीता को रास्ते में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। इसके करीब 15 मिनट बाद वह सुभाषनगर पहुंचा और पुष्पा के घर का दरवाजा खुलवाकर उन पर गोली चला दी। पुष्पा की भी घटनास्थल पर मौत हो गई। विरोध करने पर संदीप को भी गोली लगी और वह घायल हो गए।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब तक आरोपी फरार हो चुका था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल संदीप को सिविल अस्पताल भेजा। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी को अपनी बहनों के चरित्र पर संदेह था। इसी को लेकर वारदात को अंजाम देने की बात सामने आई है। मामले की जांच जारी है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page