रानीबाग NCC कैंप में कैडेट्स को दी गई यातायात नियमों की जानकारी

हल्द्वानी / रानीबाग: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के दिशा-निर्देशों पर जनपद पुलिस द्वारा युवाओं में यातायात जागरूकता को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत रानीबाग स्थित NCC कैंप में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में निरीक्षक यातायात हल्द्वानी भूपेश पाण्डेय द्वारा NCC कैडेट्स को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
इस दौरान कैडेट्स को सड़क पर सुरक्षित आवागमन, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चौपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने, नशे की हालत में वाहन न चलाने और यातायात संकेतों का पालन करने के बारे में बताया गया।
साथ ही कैडेट्स से अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवारजनों, मित्रों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
नैनीताल पुलिस का उद्देश्य आमजन और विशेषकर युवाओं को जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।







