राज्यसभा सांसद बनने के बाद पहली बार नैनीताल पहुंचे दिनेश आर्या, कार्यकर्ताओं ने किया भव्य स्वागत

हल्द्वानी, 18 अक्टूबर। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद दिनेश आर्या का रविवार को अपने गृह जनपद नैनीताल पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने स्वागत एवं अभिनंदन किया। मालधनचौड़ से हल्द्वानी तक कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने पुष्पमालाओं, नारों और पुष्पवर्षा के साथ उनका स्वागत किया।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, शाम चार बजे भाकड़ा पुल पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। इसके बाद वाहन रैली लामाचौड़, फतेहपुर, ब्लॉक, कुसुमखेड़ा, लालडांठ, गुसाईं नगर और कालाढूंगी रोड होते हुए काठगोदाम स्थित शहीद पार्क पहुंची। मार्ग में भाजपा मंडलों, पार्टी मोर्चों और सामाजिक संगठनों की ओर से विभिन्न स्थानों पर अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में भाजपा के अल्पसंख्यक, ओबीसी, अनुसूचित, महिला, किसान और युवा मोर्चों के पदाधिकारियों के साथ व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी आर्या का स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने उनके राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर शुभकामनाएं दीं और उम्मीद जताई कि वे नैनीताल जिले सहित उत्तराखंड के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रभावी ढंग से उठाएंगे।
शहीद पार्क में आयोजित कार्यक्रम में आर्या ने पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद के रूप में मिली जिम्मेदारी उनके लिए गौरव के साथ जनसेवा का दायित्व भी है, जिसका निर्वहन वे पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। उन्होंने कहा कि वे पिछले चार दशकों से भाजपा से जुड़े हैं और इस यात्रा में वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन तथा कार्यकर्ताओं के सहयोग की अहम भूमिका रही है।
आर्या ने स्वागत में जुटे कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद बनाए रखने और जनहित के विषयों को प्राथमिकता देने का भरोसा दिलाया।
भाजपा नैनीताल जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने आर्या को राज्यसभा सांसद निर्वाचित होने पर बधाई देते हुए कहा कि उनका लंबा संगठनात्मक अनुभव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गृह जनपद आगमन पर कार्यकर्ताओं का उत्साह उनके प्रति स्नेह और संगठन की मजबूती दर्शाता है।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, जिला प्रभारी विवेक सक्सेना, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी भुवन जोशी, प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी सहित पार्टी के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







