राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए दिनेश आर्य, सांसद अजय भट्ट ने दी बधाई; उत्तराखंड की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर बुलंद होने की जताई उम्मीद

हल्द्वानी। उत्तराखंड से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित होने पर भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता दिनेश आर्य को नैनीताल-उधम सिंह नगर के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि दिनेश आर्य राज्यसभा में उत्तराखंड की जनआकांक्षाओं और विकास से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि दिनेश आर्य का पार्टी संगठन के प्रति समर्पण, निष्ठा, निरंतर परिश्रम और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत है। संगठन को मजबूत बनाने और जनहित से जुड़े कार्यों में उनकी सक्रिय भूमिका सराहनीय रही है।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा सांसद के रूप में दिनेश आर्य प्रदेश की जनसमस्याओं, जनआकांक्षाओं और विकास से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने में अहम भूमिका निभाएंगे। साथ ही, उनके अनुभव और सक्रियता से उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
अजय भट्ट ने दिनेश आर्य के सफल, सार्थक और उपलब्धियों से परिपूर्ण कार्यकाल की मंगलकामना करते हुए कहा कि मां भारती की सेवा और देवभूमि उत्तराखंड की प्रगति के लिए उनका योगदान महत्वपूर्ण रहेगा।







