मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल बने यातायात निरीक्षक भूपेश पांडेय, सड़क हादसे में घायल महिला को पहुंचाया अस्पताल

हल्द्वानी। पुलिस की वर्दी में अक्सर कड़क अनुशासन देखा जाता है, लेकिन जब इसी वर्दी में इंसानियत दिखती है तो वह समाज के लिए एक मिसाल बन जाती है। ऐसा ही मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया है हल्द्वानी के यातायात निरीक्षक श्री भूपेश पांडेय ने।

प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री भूपेश पांडेय अपनी ड्यूटी समाप्त कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मार्ग में उन्होंने देखा कि एक अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला अपनी स्कूटी सहित सड़क पर घायल अवस्था में पड़ी हुई है। हादसा इतना तेज था कि महिला सड़क पर ही तड़प रही थी और आसपास भीड़ जमा थी।

ऐसी स्थिति में बिना एक पल गंवाए यातायात निरीक्षक श्री पांडेय ने तत्काल अपनी गाड़ी रोकी और मानवता का धर्म निभाते हुए घायल महिला के पास पहुंचे। उन्होंने तुरंत 108 और स्थानीय पुलिस को सूचित करने के साथ ही, स्वयं अपने वाहन से घायल महिला को जिला अस्पताल, हल्द्वानी पहुंचाया।

अस्पताल में महिला को भर्ती कराकर उन्होंने चिकित्सकों से उसका तत्काल उपचार शुरू करवाया और उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास भी किया। समय पर अस्पताल पहुंचने से महिला की स्थिति अब स्थिर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि अज्ञात वाहन चालक टक्कर मारने के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने यातायात निरीक्षक के इस कार्य की सराहना की है। अक्सर सड़क हादसों में लोग मदद करने से कतराते हैं, लेकिन एक जिम्मेदार पुलिस अधिकारी द्वारा ड्यूटी के बाद भी इस तरह मदद के लिए आगे आना निश्चित रूप से प्रशंसनीय है।

इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि उत्तराखंड पुलिस न सिर्फ कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए, बल्कि आम जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए भी सदैव तत्पर है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page