मन की बात में गूंजा नशामुक्त भारत का संदेश, सीएम धामी बोले- नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव

देहरादून, 30 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को कुंवावाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण को सुना। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ अब केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि देशवासियों को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले लोगों एवं अभिनव प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रभावी मंच बन गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत’ के संकल्प को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि नशे से मुक्त युवा ही सशक्त और विकसित भारत की मजबूत नींव तैयार कर सकते हैं।
नशे के खिलाफ युवाओं को आगे आने का आह्वान
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के इस आह्वान से युवाओं में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ, सकारात्मक और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पित युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है। नशे के खिलाफ समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर काम करने की आवश्यकता है।
उन्होंने प्रदेश के युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेश को आत्मसात करते हुए नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया।
नई पीढ़ी को इतिहास और विरासत से जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारत के गौरवशाली इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक सरल और रोचक तरीके से पहुंचाने के लिए किए जा रहे अभिनव प्रयासों का भी उल्लेख किया। ऐसे प्रयास युवाओं को देश के इतिहास, संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि अपनी विरासत और इतिहास की जानकारी युवाओं में राष्ट्र के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करती है। देश की समृद्ध परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
सामान्य लोगों के असाधारण कार्यों को मिल रहा राष्ट्रीय मंच
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘मन की बात’ के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों में सामान्य नागरिकों की ओर से किए जा रहे असाधारण कार्यों, नवाचारों और जनभागीदारी के प्रयासों को राष्ट्रीय मंच प्रदान कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि देश के दूरदराज क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव के लिए काम कर रहे लोगों को जब राष्ट्रीय पहचान मिलती है तो इससे अन्य लोगों को भी अपने क्षेत्र में बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। ‘मन की बात’ ने ऐसे अनेक प्रयासों को देश के सामने लाने का काम किया है।
युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त, स्वस्थ और सशक्त युवा ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, विधायक भरत चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page