भीमताल की 118 छात्राओं को मिला करियर का ‘रोडमैप’, CLAT से NDA तक प्रतियोगी परीक्षाओं की दी जानकारी

भीमताल/नैनीताल, 11 सितम्बर 2026। जिला सेवायोजन कार्यालय नैनीताल के तत्वावधान में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, भीमताल में शुक्रवार को एक दिवसीय कैरियर काउंसिलिंग एवं गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं से 12वीं तक की 118 छात्राओं ने प्रतिभाग कर उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के विभिन्न अवसरों की जानकारी प्राप्त की।
कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग द्वारा स्टेट पूल में कैरियर काउंसिलिंग विशेषज्ञों को जोड़ा गया है। इसी क्रम में आयोजित कार्यक्रम में जिला सेवायोजन अधिकारी नैनीताल प्रियंका गड़िया ने छात्राओं को इंटरमीडिएट के बाद उपलब्ध विभिन्न कैरियर विकल्पों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने छात्राओं को CLAT, NEET, JEE, अग्निवीर, NDA, होटल मैनेजमेंट, पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा, CUET तथा लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और अवसरों के बारे में जानकारी प्रदान की। साथ ही राष्ट्रीय करियर सेवा (NCS) पोर्टल, रोजगार प्रयाग पोर्टल, विभागीय योजनाओं तथा विदेश रोजगार प्रकोष्ठ से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।
कैरियर काउंसिलिंग के दौरान छात्राओं को अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता के अनुरूप सही कैरियर विकल्प चुनने के लिए प्रेरित किया गया। अधिकारियों ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए उपलब्ध संसाधनों और रोजगार से जुड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिक से अधिक उपयोग करने पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भीमताल की प्रधानाचार्या श्रीमती ईला कैड़ा, श्रीमती लता पंत, जिला सेवायोजन कार्यालय नैनीताल से शंकर लाल सहित विद्यालय की छात्राएं एवं अन्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को समय रहते कैरियर विकल्पों, उच्च शिक्षा और रोजगार की संभावनाओं से परिचित कराकर उनके भविष्य की बेहतर दिशा तय करने में मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।







