बनभूलपुरा के बिजली फीडरों में 55% तक लाइन लॉस, विभाग ने चलाया बड़ा चेकिंग अभियान
कई इलाकों में एक साथ चला चेकिंग अभियान, बिजली चोरी और मीटरों से छेड़छाड़ के मामले सामने आने का दावा

हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग ने सोमवार सुबह पांच बजे से व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। किदवई नगर, इंदिरा नगर, गांधीनगर, नई बस्ती और आजाद नगर सहित विभिन्न इलाकों में सात टीमों ने एक साथ जांच की। विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान बिजली चोरी और मीटरों से छेड़छाड़ के कथित मामले सामने आए हैं। इन मामलों में करीब 108 एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। कार्रवाई के दौरान संबंधित मीटरों को सीज भी किया गया।

50 से 55 प्रतिशत तक लाइन लॉस मिलने के बाद कार्रवाई
कुमाऊं जोन के मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने बताया कि विद्युत विभाग पिछले एक महीने से अधिक लाइन लॉस वाले क्षेत्रों की निगरानी कर रहा था। इस दौरान बनभूलपुरा क्षेत्र के कुछ बिजली फीडरों पर लाइन लॉस 50 से 55 प्रतिशत तक पाया गया। इसके बाद विभाग ने व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाने का निर्णय लिया।
अभियान में विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ विजिलेंस टीम तथा पुलिसकर्मी भी शामिल रहे। अधिकारियों के मुताबिक, पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
घरों के बाहर लगाए जाएंगे मीटर, स्मार्ट मीटर भी लगेंगे
बिजली चोरी रोकने और विद्युत व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए विभाग क्षेत्र में कई बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। इसके तहत घरों के अंदर लगे बिजली मीटरों को बाहर स्थापित करने, सामान्य केबल की जगह आर्मर्ड केबल लगाने और स्मार्ट मीटर लगाने की योजना है।
विभाग का मानना है कि इन उपायों से बिजली की खपत की निगरानी बेहतर होगी और बिजली चोरी तथा अन्य अनियमितताओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।
अवैध वसूली की शिकायत पुलिस से करने की अपील
मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी ने उपभोक्ताओं से अपील की कि बिजली कनेक्शन, बिल जमा कराने या अन्य विभागीय कार्यों के नाम पर यदि कोई व्यक्ति अवैध रूप से धनराशि मांगता है, तो इसकी शिकायत पुलिस से करें।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विभागीय कर्मचारियों से संबंधित शिकायतों को भी संज्ञान में लिया गया है। जांच के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कई अधिकारी और पुलिसकर्मी रहे मौजूद
चेकिंग अभियान में अधिकारी रवि कुमार राजोरा, अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार, बनभूलपुरा कोतवाली प्रभारी दिनेश फर्त्याल सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी, कर्मचारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
मानस दर्पण | हल्द्वानी







