परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिसकर्मियों को एसपी हल्द्वानी ने दिए दिशा-निर्देश

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और प्रवक्ता संवर्ग की लिखित परीक्षाओं को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह ने परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की ब्रीफिंग की। पुलिस सभागार हल्द्वानी में शनिवार, 10 अक्टूबर को हुई ब्रीफिंग में उन्होंने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर आयोजित इस ब्रीफिंग में बताया गया कि रविवार, 11 अक्टूबर को दो प्रतियोगी परीक्षाएं होंगी। उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग की प्रवक्ता संवर्ग (सामान्य एवं महिला शाखा) की अर्थशास्त्र विषय की लिखित परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक निर्धारित है। वहीं, उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की सहायक अधिकारी वर्ग-01, सहायक कृषि अधिकारी वर्ग-03 और चारा सहायक ग्रुप-03 पदों की परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित होगी।
एसपी हल्द्वानी ने सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए। अभ्यर्थियों की नियमानुसार जांच कर मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य प्रतिबंधित सामग्री को परीक्षा कक्ष में ले जाने से रोकने को कहा। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों के आसपास भीड़ नियंत्रित रखने, यातायात सुचारु बनाए रखने और शांति एवं कानून-व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश भी दिए।
पुलिसकर्मियों को संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखने, आवश्यकता के अनुसार आंतरिक एवं बाहरी सुरक्षा घेरा बनाने और आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया। सभी कर्मियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी स्थल पहुंचने, आपसी समन्वय से जिम्मेदारी निभाने और किसी भी समस्या की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग में सीओ हल्द्वानी लव शर्मा, कोतवाली हल्द्वानी के प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, निरीक्षक यातायात भूपेश पाण्डेय सहित परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।








