पंडित गोविंद बल्लभ पंत की जयंती पर कांग्रेसजनों ने किया श्रद्धासुमन अर्पित
पंत जी का जीवन राष्ट्रसेवा, लोकतंत्र और जनहित के प्रति समर्पण की मिसाल : कांग्रेस

हल्द्वानी, 10 सितंबर 2026 भारत रत्न एवं महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी की जयंती के अवसर पर जिला/महानगर कांग्रेस कमेटी द्वारा कांग्रेस भवन “स्वराज आश्रम” हल्द्वानी में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कांग्रेसजनों ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके विचारों एवं आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा और जनहित के लिए समर्पित रहा। स्वतंत्रता आंदोलन में उनकी भूमिका से लेकर स्वतंत्र भारत के निर्माण तक उनका योगदान अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि पंत जी ने लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और आम जनता के अधिकारों के लिए सदैव मजबूती से आवाज उठाई। उनके आदर्श आज भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
महानगर अध्यक्ष एडवोकेट गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी केवल एक महान राजनेता ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की धरती के ऐसे सपूत थे, जिन्होंने राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि पंत जी ने कुमाऊं और उत्तराखंड के हितों को सदैव प्राथमिकता दी तथा देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आज आवश्यकता है कि हम उनके बताए रास्ते पर चलते हुए लोकतंत्र और जनहित की रक्षा के लिए मजबूती से खड़े हों।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी का सादगीपूर्ण जीवन, दूरदर्शी सोच और जनसेवा के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष हेमंत बगड़वाल, हरीश मेहता,महिला महानगर अध्यक्ष मधु सांगुड़ी, पार्षद भगवती बिष्ट, रेनू तोमर, ब्लॉक अध्यक्ष किरन माहरा, ब्लॉक अध्यक्ष मोहन बिष्ट, देवेंद्र चुनौतिया, रंजीत डसीला, हेम जोशी, मनोज भट्ट आदि उपस्थित रहे।
कांग्रेसजनों ने पंडित गोविंद बल्लभ पंत जी के आदर्शों पर चलने तथा लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और जनहित की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।






