नैनीताल में बारिश से 14 ग्रामीण मार्ग बंद, कई मार्ग खोलने का काम जारी

नैनीताल। जिले में लगातार बादल छाए रहने के बीच बीते 24 घंटे में विभिन्न क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की 25 अगस्त की शाम जारी रिपोर्ट के अनुसार, नैनीताल में 9.0 मिमी, हल्द्वानी में 20.0 मिमी, कालाढूंगी में 4.0 मिमी, श्री कैंची धाम में 7.0 मिमी, बेतालघाट में 6.0 मिमी तथा रामनगर में बारिश दर्ज की गई।

बारिश के चलते जिले में कुल 14 मार्ग अवरुद्ध बताए गए हैं। इनमें हरसीनगर-चांदादेवी, रतीघाट-बुधलाकोट, अम्बेडकर ग्राम-रिखोली, फतेहपुर-बेल, मल्यूटी-मझदयूनी, बिनकोट-चन्द्रकोट, बरेली-अल्मोड़ा, नई-भुजका, स्टूड-कौनताकुंड-हरिशाल, चुड़ेटी-नौघर मोटर मार्ग, छोईगांव-अघोड़ा अमगढ़, देवीपुरा-सौड़ मार्ग, गजिया-धुधलियार-बेतालघाट-ओखरखान-मुक्तेश्वर तथा काशीपुर-रामनगर-मुड़ेला मोटर मार्ग शामिल हैं।

रिपोर्ट के अनुसार संबंधित खंडों द्वारा मार्ग खोलने की कार्रवाई जारी है और कई मार्गों को 25 अगस्त को ही खोलने का लक्ष्य रखा गया था।

जलाशयों पर भी बढ़ी निगरानी

रिपोर्ट में गौला बैराज के चेतावनी एवं खतरे के डिस्चार्ज क्रमशः 27,576 क्यूसेक और 41,364 क्यूसेक बताए गए हैं। कोसी बैराज का चेतावनी डिस्चार्ज 51,786 क्यूसेक तथा खतरे का डिस्चार्ज 76,998 क्यूसेक दर्ज है। वहीं नैनी झील का चेतावनी स्तर 10,000 क्यूसेक और खतरे का स्तर 35,075 क्यूसेक बताया गया है।

बारिश से आंशिक क्षति

जिले में जनहानि की कोई दैनिक सूचना नहीं दी गई है। हालांकि रिपोर्ट में तीन झोपड़ियों/भवनों को आंशिक क्षति तथा कुछ अन्य आंशिक क्षति का उल्लेख किया गया है। विद्युत आपूर्ति और नालों की स्थिति सामान्य बताई गई है।

जिला प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा अवरुद्ध मार्गों को खोलने की कार्रवाई लगातार जारी है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page