नैनीताल में बारिश से 12 मार्ग बाधित, गौला-कोसी-नंधौर नदियों का जलस्तर बढ़ा

नैनीताल, 26 अगस्त। जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण/जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की बुधवार शाम 4 बजे की रिपोर्ट के अनुसार नैनीताल जिले में वर्तमान समय में बादल छाए हुए हैं। पिछले 24 घंटे में जिले में विभिन्न स्थानों पर वर्षा दर्ज की गई है।

रिपोर्ट के अनुसार 1 जून 2026 से अब तक जिले में 735.95 मिमी संचयी वर्षा दर्ज की गई है, जबकि औसत वर्षा 3.5 मिमी बताई गई है। पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक 13.2 मिमी वर्षा मुक्तेश्वर में दर्ज हुई। इसके अलावा कैंचीधाम में 8 मिमी, चौंगरखिया में 8 मिमी, बेतालघाट में 3 मिमी तथा खनसू/ओखलकांडा में 2 मिमी वर्षा दर्ज की गई।

नदियों का जलस्तर बढ़ा

प्रशासन की रिपोर्ट में गौला बैराज, कोसी बैराज और नंधौर नदी के जलस्तर को लेकर चेतावनी एवं खतरे के डिस्चार्ज का उल्लेख किया गया है। गौला बैराज से करीब 27,576 क्यूसेक चेतावनी तथा 41,364 क्यूसेक खतरे का डिस्चार्ज, जबकि कोसी बैराज से 51,786 क्यूसेक चेतावनी तथा 76,998 क्यूसेक खतरे का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। नंधौर नदी में चेतावनी तथा खतरे का डिस्चार्ज क्रमशः 10,000 और 35,075 क्यूसेक बताया गया है।

12 मार्ग बाधित

जिले में बुधवार को 01 मुख्य जिला मार्ग और 11 ग्रामीण मार्ग बाधित बताए गए हैं। इनमें पाण्डेगांव-रानीकोटा गोठिया, रातीघाट-बुधलाकोट, बेतालघाट-रोपा मोटर मार्ग, लामजाला मोटर मार्ग, काफलीखेत-बेल, पदमपुर-सुयालकोट पोशारी, पतलोट-पंचना मोटर मार्ग, खनसू-डांडा मोटर मार्ग सहित कई ग्रामीण सड़कें शामिल हैं।

रिपोर्ट के अनुसार अधिकांश मार्गों को 26 अगस्त को ही खोलने का लक्ष्य रखा गया है, जबकि रातीघाट-बुधलाकोट मार्ग को खोलने की संभावित तिथि 27 अगस्त बताई गई है। संबंधित खंडों द्वारा मार्ग खोलने की कार्रवाई गतिमान है।

29 भवन क्षतिग्रस्त, तीन जनहानि

दैनिक क्षति सूचना में 03 जनहानि, 07 आंशिक भवन क्षति और 29 पूर्ण भवन क्षति दर्ज की गई है। इसके अलावा छोटे पशु 01 तथा बड़े पशु 0 की क्षति दर्ज की गई है। जिले में विद्युत आपूर्ति एवं पेयजल आपूर्ति सामान्य बताई गई है तथा नालियों की स्थिति भी सामान्य है।

प्रशासन द्वारा बाधित मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों और खंडों को कार्रवाई में जुटे रहने की जानकारी दी गई है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page