नैनीताल में छाए बादल, 24 घंटे में हल्द्वानी में 9 मिमी बारिश

दो ग्रामीण मार्ग बाधित, आपदा प्रबंधन विभाग ने मार्ग खोलने की कार्रवाई तेज की

नैनीताल, 28 अगस्त। जनपद नैनीताल में शुक्रवार को मौसम का मिजाज बदला रहा। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण/जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की शाम 4 बजे जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले के अधिकांश क्षेत्रों में बादल छाए रहे। पिछले 24 घंटों में सुबह 9:30 बजे तक हल्द्वानी (काठगोदाम) में सर्वाधिक 9 मिमी वर्षा दर्ज की गई। रामनगर और कालाढूंगी में 1-1 मिमी, खनस्यू में 2 मिमी तथा चोरगलिया में 3.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई। नैनीताल, श्री कैंचीधाम, बेतालघाट और मुक्तेश्वर में वर्षा दर्ज नहीं हुई।

रिपोर्ट के अनुसार जिले में गोला बैराज का डिस्चार्ज 27,576 क्यूसेक, कोसी बैराज का 51,786 क्यूसेक तथा नंधौर नदी का 10,000 क्यूसेक दर्ज किया गया। वहीं खतरे के डिस्चार्ज के आंकड़े क्रमशः गोला 41,364, कोसी 76,998 और नंधौर 35,075 क्यूसेक बताए गए हैं।

बारिश के चलते जिले में दो ग्रामीण मार्ग बाधित बताए गए हैं। इनमें रतीघाट–बुधलाकोट मार्ग तथा डोलीगांव–कोटापोंडे मार्ग शामिल हैं। संबंधित खंडों द्वारा मार्ग खोलने की कार्रवाई जारी है।

आपदा रिपोर्ट में जनहानि की कोई दैनिक सूचना दर्ज नहीं है, हालांकि क्षति क्रमिक सूचना में 3 झोपड़ियां, 7 आंशिक भवन, 39 आंगन की दीवारें और एक छोटा पशु प्रभावित होने की जानकारी दी गई है। विद्युत एवं पेयजल आपूर्ति तथा नालों की स्थिति सामान्य बताई गई है।

बीते दिनों की बारिश के बाद प्रशासन की निगरानी जारी है और बाधित ग्रामीण मार्गों को खोलने के लिए संबंधित विभागों की कार्रवाई लगातार जारी है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page