नैनीताल में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान: 9 प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, 7 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे


नैनीताल, 3 सितंबर 2026। जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल के निर्देश पर जनपद में सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने गुरुवार को व्यापक आकस्मिक निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया।
सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी खाद्य संरक्षा, नैनीताल अजब सिंह रावत के नेतृत्व में विभागीय टीम ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 9 खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, प्रतिष्ठानों में स्वच्छता व्यवस्था तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुपालन का जायजा लिया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से सूजी, साबूदाना, ओट्स, सरसों का तेल, कोकोनट वाटर, स्प्राइड तथा थम्स अप कार्बोनेटेड पेय पदार्थ समेत कुल 7 प्रकार के खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। सभी नमूनों को खाद्य संरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत परीक्षण के लिए राज्य खाद्य एवं औषधि प्रयोगशाला भेजा गया है।
तीन खाद्य कारोबारियों के खिलाफ वाद की स्वीकृति
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के दौरान 3 खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध विधिक वाद की स्वीकृति वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को प्रदान की गई। विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया कि प्रयोगशाला से प्राप्त होने वाली जांच रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उसके अधीन बनाए गए नियमों एवं विनियमों के अनुसार आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
साफ-सफाई और कूड़ेदान की व्यवस्था के निर्देश
निरीक्षण के दौरान खाद्य प्रतिष्ठान संचालकों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने तथा उचित स्थान पर ढक्कनयुक्त/बंद कूड़ेदान रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण और खाद्य सुरक्षा मानकों का गंभीरता से पालन करने को कहा।

अभियान में अजब सिंह रावत, सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी, नैनीताल; असलम खां, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, रामनगर तथा नन्दकिशोर, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्द्वानी ग्रामीण मौजूद रहे।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से जुड़े मानकों के उल्लंघन पर विभाग निगरानी के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी कर रहा है।







