नैनीताल को दो बड़ी सौगात! NHAI से मिली दो बाईपास परियोजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी, हल्द्वानी में जाम से मिलेगी बड़ी राहत

नैनीताल/हल्द्वानी, 11 सितंबर 2026 नैनीताल जनपद में लगातार बढ़ते यातायात दबाव और हल्द्वानी शहर में जाम की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में बड़ी पहल हुई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने जनपद की दो महत्वपूर्ण बाईपास/फोरलेन परियोजनाओं को सैद्धांतिक स्वीकृति प्रदान की है। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने के बाद हल्द्वानी शहर के भीतर यातायात का दबाव कम होने के साथ ही कुमाऊं मंडल में आवागमन और अधिक सुगम होने की उम्मीद है।

7 किलोमीटर का लालकुआं बाईपास होगा तैयार

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रस्तावित लगभग 7 किलोमीटर लंबे लालकुआं बाईपास को NHAI से विधिवत स्वीकृति प्राप्त हो गई है। यह बाईपास बरेली रोड स्थित नगला से प्रारंभ होकर वन विकास निगम के डिपो तक प्रस्तावित है।

स्वीकृति मिलने के बाद अब परियोजना की DPR (Detailed Project Report) तैयार की जाएगी। DPR तैयार होने के बाद परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

गोला पुल से आगे 8.4 किलोमीटर फोरलेन की तैयारी

दूसरी महत्वपूर्ण परियोजना के तहत गोला पुल से आगे मौजूदा टू-लेन सड़क को फोरलेन में परिवर्तित करने का प्रस्ताव है। लगभग 8.4 किलोमीटर लंबे बाईपास/फोरलेन प्रस्ताव को NHAI से In-Principle यानी सैद्धांतिक स्वीकृति मिल गई है।

परियोजना की DPR तैयार करने के लिए संबंधित कार्यदायी एजेंसी को तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

हल्द्वानी के यातायात को मिलेगी बड़ी राहत

इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने के बाद हल्द्वानी शहर के भीतर भारी वाहनों के दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। साथ ही स्थानीय लोगों, पर्यटकों और कुमाऊं मंडल के विभिन्न क्षेत्रों से आने-जाने वाले यात्रियों को जाम की समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।

जिलाधिकारी ने कहा कि दोनों परियोजनाएं यातायात व्यवस्था को अधिक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होंगी।

इन दोनों परियोजनाओं के आकार लेने से हल्द्वानी-कुमाऊं के यातायात ढांचे को नई गति मिलने की उम्मीद है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page