नैनीताल की सड़कों को गड्ढामुक्त करने का अभियान तेज, लापरवाही पर अधिकारियों पर होगी कार्रवाई

नैनीताल, 16 अक्टूबर। मुख्यमंत्री के निर्देशों के बाद जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने मानसून में क्षतिग्रस्त हुई जनपद की सड़कों की मरम्मत में तेजी लाने और उन्हें तय समय-सीमा में गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग और पीएमजीएसवाई के अधिकारियों से प्राथमिकता के आधार पर काम पूरा कराने को कहा है।

डीएम ने स्पष्ट किया कि सड़क मरम्मत की गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिन मार्गों पर अभी तक गड्ढे नहीं भरे गए हैं, वहां तत्काल काम शुरू करने और जिन सड़कों की मरम्मत मानकों के अनुरूप नहीं हुई है, उन्हें दोबारा ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं।

अधिशासी अभियंताओं को अपने क्षेत्रों में सड़कों का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त मार्ग चिह्नित करने और मरम्मत कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा गया है। अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि काम में देरी, लापरवाही या गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर जवाबदेही तय कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने कहा कि गड्ढों के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग तकनीकी मानकों का पालन करते हुए मरम्मत कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करें।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page