दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल ने जीती अस्मिता सेपक टाकरा सिटी लीग

यूनिवर्सल कॉन्वेंट उपविजेता, हल्द्वानी के विभिन्न विद्यालयों की 100 से अधिक बालिका खिलाड़ियों ने किया प्रतिभाग

हल्द्वानी। बालिकाओं को खेलों से जोड़ने और उन्हें खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से भारत सरकार के अस्मिता कार्यक्रम के तहत बुधवार को द शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल में अस्मिता सेपक टाकरा सिटी लीग-2026 का आयोजन किया गया। द सेपक टाकरा एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में हल्द्वानी शहर के विभिन्न विद्यालयों की 100 से अधिक बालिका खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक रमेश चंद्र शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। उन्होंने बालिका खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया।
सेमीफाइनल में दिखा खिलाड़ियों का दमखम
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बीच खेला गया। इसमें यूनिवर्सल कॉन्वेंट की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इंस्पिरेशन स्कूल को सीधे सेटों में 2-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल और शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल के बीच हुआ। इसमें दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल को सीधे सेटों में 2-0 से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल में दीक्षांत ने मारी बाजी
फाइनल मुकाबला यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल और दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल के बीच खेला गया। दोनों टीमों की खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले में दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल की टीम ने बाजी मारते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि यूनिवर्सल कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम उपविजेता रही।
विजेता खिलाड़ियों को किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर इंस्पिरेशन सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक दीपक बलुटिया ने विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी खेलों में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
द सेपक टाकरा एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के चेयरमैन डॉ. नागेंद्र शर्मा ने बताया कि अस्मिता कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि संघ की ओर से भविष्य में भी समय-समय पर इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती रहेंगी, जिससे अधिक से अधिक बालिका खिलाड़ी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका प्रगति, किरण, श्वेता, गौरव और योगेश पांडेय ने निभाई।
इस अवसर पर दीक्षांत इंटरनेशनल स्कूल के प्रबंधक सुमित टिक्कू, शिवालिक इंटरनेशनल स्कूल के वाइस चेयरमैन अनंत नियर शर्मा, आकृति शर्मा, प्रधानाचार्य पीएस अधिकारी, दीपक अधिकारी, वैशाली पांडेय और मोहित उप्रेती समेत विभिन्न विद्यालयों के शारीरिक प्रशिक्षक मौजूद रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page