ज्योलिकोट में जल जनित रोगों की रोकथाम को स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, सचल चिकित्सा वाहन तैनात; आयुष्मान उपचार में दिक्कत पर सीधे CMO से करें संपर्क

नैनीताल, 10 सितंबर 2026। ज्योलिकोट क्षेत्र में जल जनित रोगों की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और स्वास्थ्य सेवाएं तेज कर दी हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत के निर्देश पर स्वास्थ्य टीमों द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में लगातार घर-घर सर्वे, स्वास्थ्य परीक्षण, सैंपलिंग एवं दवाओं का वितरण किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने ज्योलिकोट क्षेत्र में 105 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया तथा 72 ब्लड सैंपल लिए। इसके अलावा पानी के 7 सैंपल भी जांच के लिए लिए गए हैं। जरूरत के अनुसार लोगों को दवाएं, ओआरएस, जिंक एवं क्लोरीन की गोलियां वितरित की गईं और जल जनित रोगों से बचाव के लिए जागरूक किया गया।
सचल चिकित्सा वाहन तैनात
क्षेत्रवासियों को घर के नजदीक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में सचल चिकित्सा वाहन तैनात किया गया है। वाहन के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण, आवश्यक जांच, दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट की ओपीडी पर्ची निःशुल्क कर दी गई है।
विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के तहत 10 सितंबर को नीलकंठ हॉस्पिटल की डॉ. मेघा रखोलिया एवं डॉ. सलीम ने पीएचसी ज्योलिकोट में ओपीडी कर मरीजों का परीक्षण किया। 11 सितंबर को बृजलाल हॉस्पिटल हल्द्वानी की गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉ. श्रेया नेगी एवं साईं हॉस्पिटल हल्द्वानी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहन सती द्वारा ओपीडी सेवाएं दी जाएंगी।

छह क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर
गांजा, वीरभट्टी, बेलवाखान, सरियाताल, ज्योलिकोट तथा भल्यूटी-चोपड़ा में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। इन शिविरों में कुल 380 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। मरीजों को आवश्यक दवाएं देने के साथ ही स्वच्छता एवं जल जनित रोगों से बचाव के उपाय बताए गए।
आयुष्मान उपचार में परेशानी हो तो CMO से करें संपर्क
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने क्षेत्रवासियों से कहा कि आयुष्मान योजना के तहत सूचीबद्ध अस्पतालों में उपचार के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर सीधे सीएमओ से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों को आवश्यक सहयोग एवं सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
💧 पानी उबालकर पीने की अपील
सीएमओ ने लोगों से अपील की कि जल जनित रोगों से बचाव के लिए पानी को अच्छी तरह उबालकर ही पिएं, स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी सावधानियों का पालन करें। किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा स्वास्थ्य टीम से संपर्क करने की अपील की गई है।
डॉ. रश्मि पंत ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थानीय लोगों से मुलाकात की और उन्हें आश्वस्त किया कि घबराने की आवश्यकता नहीं है, स्वास्थ्य विभाग पूरी तत्परता के साथ क्षेत्रवासियों के साथ खड़ा है। प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमों का घर-घर सर्वे, स्वास्थ्य परीक्षण और दवा वितरण लगातार जारी रहेगा।
— चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, जनपद नैनीताल







