ज्योलिकोट में जलजनित रोगों पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, 206 लोगों की जांच; 11 मरीज भर्ती

निजी अस्पतालों को रोजाना रिपोर्ट देने के निर्देश, PHC ज्योलिकोट में विशेषज्ञ डॉक्टर संभालेंगे मोर्चा

नैनीताल। ज्योलिकोट क्षेत्र में जलजनित रोगों की रोकथाम और प्रभावी नियंत्रण को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी और उपचार व्यवस्था तेज कर दी है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने जनपद के सभी निजी चिकित्सालयों को जलजनित रोगों से संबंधित भर्ती मरीजों की दैनिक रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड के तहत भर्ती मरीजों की सूचना भी प्रतिदिन उपलब्ध कराने को कहा गया है।

PHC ज्योलिकोट में विशेषज्ञ डॉक्टर देंगे सेवाएं

क्षेत्रवासियों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में निजी चिकित्सालयों के फिजिशियन और गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट विशेषज्ञ डॉक्टर सेवाएं देंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 9 सितंबर को नीलकंठ हॉस्पिटल, 10 सितंबर को उजाला सिग्नस, 11 सितंबर को साई हॉस्पिटल, 12 सितंबर को सिटी हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर, 13 सितंबर को चंदन हॉस्पिटल और 15 सितंबर को पुनः उजाला सिग्नस के विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे।

सीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे इन विशेषज्ञ सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और स्वास्थ्य संबंधी किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करें। उन्होंने कहा कि बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर उपचार में देरी न की जाए।

114 घरों का सर्वे, लोगों को दिया गया स्वास्थ्य जागरूकता संदेश

स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने ज्योलिकोट क्षेत्र में 114 घरों का सर्वेक्षण किया। इस दौरान लोगों को जलजनित रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी देने के साथ आवश्यक स्क्रीनिंग की गई। बीमार पाए गए लोगों को चिकित्सालय जाकर डॉक्टर की सलाह लेने के लिए कहा गया। जरूरत के अनुसार लोगों को ओआरएस और जिंक भी वितरित किया गया।

स्वास्थ्य शिविरों में 206 लोगों की जांच, 11 मरीज भर्ती

क्षेत्र में लगाए गए स्वास्थ्य शिविरों में 206 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और आवश्यकतानुसार दवाएं वितरित की गईं। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ज्योलिकोट में 92 लोगों की जांच की गई, जिनमें से 11 लोगों को चिकित्सकीय निगरानी एवं उपचार के लिए भर्ती किया गया है।

कई प्रभावित क्षेत्रों में जारी हैं स्वास्थ्य शिविर

स्वास्थ्य सेवाओं और निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गांजा, वीरभट्टी, बेलवाखान, सरियाताल, ज्योलिकोट, भल्यूटी और चोपड़ा क्षेत्रों में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में नियमित सर्वेक्षण, स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य शिक्षा और आवश्यक उपचारात्मक सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार क्षेत्र में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

इस दौरान जिला सर्विलेंस अधिकारी डॉ. मनोज कांडपाल, नोडल अधिकारी डॉ. हेमंत मर्तोलिया, स्वतिशील गुरानी, नंदन कांडपाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page