जनगणना-2027 की तैयारी तेज: नैनीताल में 54 फील्ड ट्रेनरों को दिया गया प्रशिक्षण

हल्द्वानी। भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियों के तहत जिला उद्योग केंद्र, हल्द्वानी में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 54 फील्ड ट्रेनरों को गणना प्रक्रिया की जानकारी दी गई। ये ट्रेनर आगे अपने-अपने नगर निगमों और तहसीलों के प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे।

प्रेस नोट के अनुसार, स्वगणना की अवधि 16 से 30 नवंबर 2026 और जनगणना की अवधि 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक निर्धारित की गई है।

प्रशिक्षण में जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी डॉ. मुकेश सिंह नेगी मुख्य संदर्भदाता रहे। जनगणना मास्टर ट्रेनर यश ने भी प्रतिभागियों को प्रक्रिया की जानकारी दी। परिवार अनुसूची के तहत पूछे जाने वाले प्रश्नों, स्वगणना और जनगणना के संचालन तथा तकनीकी पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया गया।

प्रेस नोट में बताया गया है कि परिवार अनुसूची में व्यक्तिगत विवरण, शिक्षा, रोजगार, प्रवासन और निवास स्थान सहित विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न शामिल होंगे। पहचान दस्तावेजों का विवरण स्वैच्छिक या उपलब्धता के आधार पर लिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान नगर निगम अधिकारी गजेंद्र पाल सिंह ने फील्ड ट्रेनरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और प्रगणकों के आगामी प्रशिक्षण की जानकारी साझा की। अधिकारियों ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य जनसंख्या गणना को पारदर्शी, त्रुटिरहित और समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने की तैयारी करना है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page