कोटाबाग की डॉ. श्वेता मजगांई को शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार 2025-26
प्रारंभिक शिक्षा वर्ग में सम्मान पाने वाली एकमात्र महिला शिक्षिका; नवाचारी विज्ञान शिक्षण के लिए मिला सम्मान

नैनीताल। विकासखंड कोटाबाग के राजकीय जूनियर हाईस्कूल विजयपुर में सहायक अध्यापिका (विज्ञान) के पद पर कार्यरत डॉ. श्वेता मजगांई को प्रतिष्ठित शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार 2025-26 से सम्मानित किया गया है। उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से दूर बच्चों को जोड़ने तथा उनमें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया।
डॉ. मजगांई ने विद्यालय में शून्य निवेश कार्यकारी मॉडल, कबाड़ से जुगाड़ और अन्य नवाचारी शिक्षण विधियों के माध्यम से विज्ञान का लर्निंग कॉर्नर विकसित किया है। वह खेल-खेल में गतिविधि आधारित और व्यावहारिक विज्ञान का शिक्षण कराती हैं, जिससे विद्यार्थियों का ज्ञान अधिक स्थायी और उपयोगी बनता है।
उनके मार्गदर्शन में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विज्ञान महोत्सव, विज्ञान प्रदर्शनी, विज्ञान क्विज, विज्ञान आविष्कार अभियान तथा भारत सरकार के इंस्पायर अवार्ड मानक में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। विद्यार्थियों ने जिला नैनीताल का राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व भी किया है। इस वर्ष भी उनके मार्गदर्शन में दो बाल वैज्ञानिकों का चयन इंस्पायर अवार्ड मानक में हुआ है। दोनों विद्यार्थियों को 10-10 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई है।
डॉ. श्वेता मजगांई ने इस उपलब्धि का श्रेय ईश्वर, माता-पिता श्री जीवन सिंह मजगांई एवं श्रीमती दया मजगांई के आशीर्वाद को दिया। उन्होंने पति राकेश जोशी और पुत्र रुद्रांश जोशी का भी आभार जताया, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में उन्हें निरंतर प्रेरित और सहयोग किया।
उन्होंने कहा कि यह पुरस्कार उनके विद्यार्थियों के विश्वास, लगन और उनकी शैक्षिक यात्रा में निरंतर सहभागिता का प्रतिफल है। उन्होंने पुरस्कार को अपने पुत्र रुद्रांश जोशी और समस्त छात्र-छात्राओं को समर्पित किया।
डॉ. मजगांई छात्र जीवन से ही मेधावी रही हैं। कुमाऊं विश्वविद्यालय से एमएससी वनस्पति विज्ञान में उन्हें राज्यपाल स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया जा चुका है। इससे पूर्व उन्हें उत्तराखंड शासन द्वारा उत्तराखंड विज्ञान शिक्षा प्रसार सम्मान 2024 के नवाचार वर्ग में सम्मानित किया गया था।
शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार 2025-26 में प्रारंभिक शिक्षा वर्ग से सम्मानित होने वाली वह एकमात्र महिला शिक्षिका हैं। उन्होंने ब्लॉक कोटाबाग एवं जनपद नैनीताल के अधिकारियों, शिक्षक साथियों तथा राजकीय जूनियर हाईस्कूल विजयपुर के विद्यालय परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया है।







