कैरियर काउंसलिंग से विद्यार्थियों को मिला भविष्य निर्माण का मंत्र, 175 छात्र-छात्राओं ने लिया मार्गदर्शन

अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज हल्दूचौड़ में आयोजित हुआ एक दिवसीय करियर काउंसलिंग कार्यक्रम

हल्द्वानी/लालकुआं, 3 सितंबर 2026। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग की पहल के तहत युवाओं को शिक्षा के साथ बेहतर कैरियर विकल्पों की जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर सेवायोजन कार्यालय, हल्द्वानी के तत्वावधान में पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, हल्दूचौड़ में एक दिवसीय कैरियर काउंसलिंग एवं गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 10वीं से 12वीं तक के करीब 175 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं मुख्य मार्गदर्शक के रूप में देवेश पाण्डेय, आईपीएस, वर्तमान में एआईजी (लॉ एंड ऑर्डर), पुलिस मुख्यालय, मेघालय, ऑनलाइन माध्यम से जुड़े। उन्होंने विद्यार्थियों को कैरियर निर्माण, लक्ष्य निर्धारण, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा अपने रुचि एवं क्षमता के अनुरूप कैरियर का चुनाव करने को लेकर महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।

आईपीएस देवेश पाण्डेय ने विद्यार्थियों की कैरियर संबंधी जिज्ञासाओं और सवालों का समाधान करते हुए उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए अभी से योजनाबद्ध तरीके से तैयारी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति अनुशासन, निरंतर अध्ययन और सकारात्मक सोच बनाए रखने का संदेश दिया।

नगर सेवायोजन अधिकारी प्रियंका गड़िया ने विद्यार्थियों को कैरियर के विभिन्न अवसरों की जानकारी दी। उन्होंने सेवायोजन विभाग से संबंधित विभिन्न पोर्टलों, रोजगार के अवसरों तथा विभागीय योजनाओं के बारे में भी छात्र-छात्राओं को विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए पारंपरिक शिक्षा एवं रोजगार के साथ-साथ विभिन्न नए क्षेत्रों में भी कैरियर की व्यापक संभावनाएं उपलब्ध हैं।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न कैरियर विकल्पों, रोजगार के अवसरों और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा समाधान किया गया। इस पहल से विद्यार्थियों को अपनी रुचि, योग्यता और भविष्य की संभावनाओं को समझने में मदद मिली।

कार्यक्रम में पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज हल्दूचौड़ के प्रधानाचार्य गनपत सिंह सेंगर, प्रवक्ता दिनेश जोशी, नगर सेवायोजन कार्यालय हल्द्वानी के अन्वेषक कम संगणक खजान पाठक सहित विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सही समय पर सही कैरियर विकल्प की जानकारी देकर उन्हें भविष्य की शिक्षा एवं रोजगार के लिए बेहतर ढंग से तैयार करना रहा।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page