कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कसियालेख–चौखुटा–पोखराड़–धारी मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का किया निरीक्षण, ₹5.47 करोड़ की धनराशि स्वीकृत

धारी, नैनीताल। भीमताल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत धारी ब्लॉक में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कसियालेख से चौखुटा–पोखराड़ होते हुए धारी तक मोटर मार्ग पर डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य कराया जा रहा है। कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मोटर मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य का निरीक्षण कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, मोटर मार्ग की खराब स्थिति के कारण किसानों, ग्रामीणों और पर्यटकों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ग्रामीणों ने इस समस्या को कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष उठाते हुए सड़क पर डामरीकरण कराने की मांग की थी।

जनता की समस्या को देखते हुए मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के अधिकारियों को मोटर मार्ग की डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री से सड़क के डामरीकरण के लिए बजट स्वीकृत करने का अनुरोध किया। उपलब्ध कराई गई जानकारी के अनुसार, शासन से इस कार्य के लिए 5 करोड़ 47 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई है।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण कार्य में निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए और कार्य को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिल सके।

कई गांवों का दौरा कर सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं

मोटर मार्ग के निरीक्षण के साथ ही कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने चाफी, अलचौना, धारी, गजार, चौखुटा, उच्यूरा और जाड़ापानी सहित आसपास के गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर वार्ता कर जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधारीकरण पर जोर

मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों पर डामरीकरण एवं सुधारीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने और उनकी दैनिक समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

मानस दर्पण | जनहित की खबर, जनता की आवाज़


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page