कालाढूंगी में निहाल नाला उफान पर, तीन गांवों में घरों में घुसा मलबा, पोल्ट्री फार्म जलमग्न


कालाढूंगी (नैनीताल) | लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कालाढूंगी क्षेत्र का निहाल नाला उफान पर आ गया है। नाले में तेज बहाव के साथ आए मलबे और पानी ने आसपास के गांवों में तबाही मचा दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नाले के उफान पर आने से रामपुर, विदारामपुर और खड़गपुर गांव के कई घरों में पानी और मलबा घुस गया। इससे ग्रामीणों के घरों में रखा सामान खराब हो गया और भारी नुकसान हुआ है।
नाले के किनारे स्थित एक पोल्ट्री फार्म पूरी तरह से जलमग्न हो गया। फार्म में पानी भरने से वहां काम कर रहे मजदूरों को जान बचाकर सुरक्षित स्थान पर जाना पड़ा। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह तेज धारा सड़कों और खेतों पर बह रही है।
तेज बहाव के कारण कई जगहों पर जमीन का कटान भी हुआ है और पुल निर्माण कार्य में लगा सामान भी पानी में बह गया है।
घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी आपदा से बचा जा सके।
वहीं प्रशासन ने स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट पर रखा है और लोगों से नदी-नालों के किनारे न जाने की अपील की है।






