अल्मोड़ा-क्वारब NH-109 और क्वारब बाईपास पर 2 दिन भारी वाहनों की नो एंट्री, पुलिस ने जारी किया डायवर्जन प्लान

नैनीताल / अल्मोड़ा। मानसून में भूस्खलन की आशंका के चलते अल्मोड़ा-क्वारब राष्ट्रीय राजमार्ग-109 के किमी-56 और क्वारब बाईपास मार्ग पर भारी और यात्री वाहनों के लिए दो दिन का यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यह डायवर्जन 08 सितंबर से 09 सितंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा।
जिलाधिकारी / अध्यक्ष जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण अल्मोड़ा के आदेश पर नैनीताल पुलिस ने यह व्यवस्था लागू की है।
मुख्य मार्ग पर पूर्ण प्रतिबंध
भूस्खलन, पत्थर / बोल्डर गिरने और मार्ग अवरुद्ध होने की संभावना को देखते हुए NH-109 के किमी-56 और क्वारब बाईपास पर भारी / व्यावसायिक और यात्री वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। हालांकि हल्के वाहन, आपातकालीन वाहन और आवश्यक सेवाओं के वाहनों का आवागमन मार्ग की वास्तविक स्थिति और सुरक्षा के आधार पर जारी रहेगा।
अल्मोड़ा से मैदानी क्षेत्रों को जाने वाले भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग –
विकल्प-1 : अल्मोड़ा → विश्वनाथ → शेरघाट / शहरफाटक मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-13)
विकल्प-2 : खैरना → रानीखेत मोटर मार्ग (राज्य मार्ग-14)
मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ को जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग –
विकल्प-1 : भीमताल → खुटानी → धानाचूली → शहरफाटक मोटर मार्ग
विकल्प-2 : भवाली → कैंची → खैरना → भुजान → रानीखेत मोटर मार्ग
सभी भारी वाहनों को निर्धारित डायवर्जन प्वाइंट से ही वैकल्पिक मार्ग पर भेजा जाएगा, प्रतिबंधित मार्ग पर किसी भी दशा में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
आपात सेवाओं के लिए छूट
एम्बुलेंस, अग्निशमन, पुलिस वाहन, आपदा राहत-बचाव दल, खाद्य सामग्री, दवा और अन्य अत्यावश्यक सेवाओं के लिए आपातकालीन कॉरिडोर खुला रहेगा और उन्हें प्राथमिकता पर सुरक्षित मार्ग दिया जाएगा।
09 सितंबर के बाद निरीक्षण
09 सितंबर के बाद विभागों की टीम स्थलीय निरीक्षण करेगी। मार्ग सुरक्षित पाए जाने पर सक्षम स्तर से अनुमति मिलने के बाद ही भारी वाहनों का आवागमन पुनः शुरू होगा। तब तक प्रतिबंध जारी रहेगा।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि डायवर्जन प्लान का पालन करें और उसी के अनुसार यात्रा प्रारंभ करें। पुलिस द्वारा मार्गों पर तैनाती कर, लाउडस्पीकर से उद्घोषणा और सोशल मीडिया के माध्यम से लगातार जानकारी दी जा रही है।







