अजय भट्ट ने राहुल गांधी की टिप्पणी पर जताई आपत्ति, कहा—अजीत डोभाल का अपमान उत्तराखंड के गौरव पर प्रहार

हल्द्वानी। पूर्व केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के प्रति कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कथित अमर्यादित टिप्पणियों की आलोचना की। भाजपा संभाग कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि डोभाल ने अपना जीवन देश की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए समर्पित किया है। उनके प्रति ऐसी टिप्पणी उत्तराखंड के गौरव और स्वाभिमान को ठेस पहुंचाती है।
भट्ट ने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े पदों पर काम कर रहे व्यक्तियों के प्रति सम्मानजनक भाषा का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने राहुल गांधी से टिप्पणी पर स्पष्टीकरण देने की मांग की।
उन्होंने उत्तराखंड के पूर्व सेना प्रमुख स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत और अजीत डोभाल का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश ने देश को कई वीर सपूत दिए हैं। भट्ट ने 2017 में जनरल रावत के लिए कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता द्वारा की गई कथित टिप्पणी का भी जिक्र किया और कहा कि ऐसी बयानबाजी प्रदेश की भावनाओं को आहत करती है।
सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में सेना के शौर्य और सुरक्षा तंत्र पर अनावश्यक संदेह नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के विरुद्ध कार्रवाई के समय सभी राजनीतिक दलों को राष्ट्रहित और सुरक्षा बलों के मनोबल को प्राथमिकता देनी चाहिए।
भट्ट ने उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और अन्य जिम्मेदार नेताओं से राहुल गांधी की टिप्पणियों पर अपना पक्ष स्पष्ट करने को कहा। उन्होंने सवाल किया कि क्या उत्तराखंड कांग्रेस ऐसी भाषा का समर्थन करती है। उनके अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व को उत्तराखंड के वीर सपूतों के प्रति अपने रवैये पर आत्ममंथन करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है और उत्तराखंड की जनता अपने वीर सपूतों की राष्ट्रसेवा पर गर्व करती है।
प्रेस वार्ता में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, प्रदेश सह-मीडिया संयोजक भुवन जोशी, जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट, जिला मीडिया प्रभारी नितिन राणा और जिला सह-मीडिया प्रभारी मनीष पाल उपस्थित रहे।






