21 राज्यों में मौसम का कहर: यूपी-बिहार समेत कई इलाकों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 85 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं

नई दिल्ली। मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों के लिए एक बार फिर गंभीर मौसम अलर्ट जारी किया है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 17 जून को उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 21 राज्यों में बारिश, तेज आंधी और तूफान का असर देखने को मिल सकता है। कई स्थानों पर हवाओं की रफ्तार 80 से 85 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने किसानों, मछुआरों और आम नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पंजाब से बिहार तक सक्रिय सिस्टम, कई राज्यों में बिगड़ सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पंजाब से बिहार तक एक कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है, जबकि हरियाणा और आसपास के इलाकों में ऊपरी वायुमंडल में चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसी वजह से देश के बड़े हिस्से में मौसम अस्थिर बना हुआ है और बारिश के साथ तेज हवाओं की स्थिति बन रही है।
इन राज्यों में रहेगा बारिश और आंधी का असर
विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, दिल्ली, मध्य प्रदेश, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, महाराष्ट्र, ओडिशा, असम, त्रिपुरा, नागालैंड, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में बारिश और तेज आंधी का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
यूपी के कई जिलों में येलो अलर्ट
राजधानी दिल्ली में 17 जून को हल्की बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं उत्तर प्रदेश के कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, झांसी और बांदा समेत कई जिलों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इन क्षेत्रों में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
बिहार में 17 से 19 जून तक भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। पटना सहित कई जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, लेकिन बारिश के चलते मौसम में राहत मिलने की उम्मीद है।
पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन का खतरा
झारखंड, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी तेज बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन, पेड़ गिरने और मार्ग बाधित होने जैसी घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में भी भारी बारिश के साथ तूफानी मौसम की संभावना जताई गई है। वहीं पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में तेज बारिश और वज्रपात को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
किसानों और लोगों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने कहा है कि भारी बारिश और तेज हवाओं से पूर्वी राज्यों में फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। इसके अलावा कई क्षेत्रों में बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। साथ ही खुले मैदानों, बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।







