काठगोदाम चौराहे पर अव्यवस्थित टैक्सी पार्किंग से जाम, कार्रवाई की मांग

हल्द्वानी। काठगोदाम चौराहे पर जाम और सड़क किनारे अव्यवस्थित वाहन पार्किंग का मुद्दा उठाते हुए सामाजिक एवं आरटीआई कार्यकर्ता हेमंत सिंह गौनिया ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को शिकायत भेजी है। उनका कहना है कि कथित अवैध टैक्सी स्टैंड और वाहनों की बेतरतीब पार्किंग से स्थानीय लोगों, व्यापारियों, यात्रियों और पर्यटकों को परेशानी हो रही है।
गौनिया के अनुसार, काठगोदाम चौराहा नैनीताल, भीमताल, कैंची धाम और पहाड़ी क्षेत्रों की ओर जाने वाले मार्गों का प्रमुख केंद्र है। यहां लगने वाले जाम से खासकर पर्यटकों और यात्रियों को दिक्कत होती है। उन्होंने 30 अक्टूबर को पुलिस उपमहानिरीक्षक, नैनीताल परिक्षेत्र, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नैनीताल, पुलिस महानिदेशक और हल्द्वानी के पुलिस अधिकारियों को लिखित शिकायत भेजी। शिकायत डाक और ईमेल से भेजने के साथ अपर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी जमा कराई गई।
उन्होंने सीएम हेल्पलाइन, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 और उत्तराखंड पुलिस ऐप के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। शिकायत में टैक्सी स्टैंड के लिए निर्धारित स्थान, सड़क किनारे पार्किंग की अनुमति, नो-पार्किंग नियमों के पालन और यातायात पुलिस की जिम्मेदारी जैसे बिंदुओं पर जानकारी और कार्रवाई मांगी गई है।
गौनिया ने सुबह 6 से 11 बजे के बीच काठगोदाम रेलवे स्टेशन, मुख्य चौराहे और नैनीताल रोड पर विशेष यातायात निरीक्षण कराने की मांग की है। उन्होंने शिकायत के साथ क्षेत्र की तस्वीरें और अन्य साक्ष्य भी भेजे हैं।
गौनिया का कहना है कि यदि शिकायतों पर कार्रवाई नहीं हुई और यातायात व्यवस्था में सुधार नहीं आया, तो वह मामला सूचना आयोग और सक्षम न्यायालय के समक्ष उठाएंगे। उनके अनुसार, यह जनसुविधा और सड़क सुरक्षा से जुड़ा विषय है।






