जहर बनाकर बेच रहा था ‘इलाज’! शुगर की नकली दवाओं की फैक्ट्री पर छापा, हिरण के सींग तक बरामद

दिनेशपुर/उधम सिंह नगर, उत्तराखंड। जनपद में नकली दवाइयों के खतरनाक खेल का पर्दाफाश हुआ है। प्रशासनिक टीम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए नगर पंचायत कार्यालय के पीछे स्थित एक मकान में छापेमारी कर अवैध रूप से शुगर की दवाएं बनाने वाली फैक्ट्री पकड़ ली। छापे के दौरान भारी मात्रा में अंग्रेजी दवाइयों का जखीरा, दवा बनाने के उपकरण और हिरण के सींग बरामद होने से हड़कंप मच गया।
एसडीएम ऋचा सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष रविन्द्र बिष्ट, जिला अपर आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी डॉ. दीपक कुमार सरकार और औषधि निरीक्षक शुभम कोटनाला की संयुक्त टीम शामिल रही। टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, अंदर का नजारा चौंकाने वाला था। बड़ी मात्रा में शुगर और विटामिन की गोलियां, साथ ही “आयुर्वेदिक शुगर कंट्रोल” नाम से पैक किया गया चूर्ण बरामद हुआ, जिसे बाजार में खपाने की तैयारी थी।
पूछताछ में आरोपी स्वरूप सिंह ने जो खुलासा किया, वह और भी हैरान करने वाला है। उसने बताया कि वह अंग्रेजी दवाइयों को पीसकर पाउडर बनाता था और उसे आयुर्वेदिक चूर्ण में मिलाकर “शुगर कंट्रोल” की दवा के नाम पर बेचता था। यानी इलाज के नाम पर लोगों की सेहत से खिलवाड़ किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान हिरण के सींगों की बरामदगी ने मामले को और गंभीर बना दिया। आशंका जताई जा रही है कि इन सींगों का भस्म बनाकर दवा में मिलाया जाता था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और वन क्षेत्राधिकारी रूप नारायण गौतम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल औषधि विभाग बरामद दवाओं के नमूनों की जांच में जुटा है। प्रशासन का कहना है कि जांच में दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध दवा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।







