ग्राम प्रधान सीमा पाठक ने दिखाई नई राह, जयपुर खीमा में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू हुआ निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण

प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत सिलाई-कढ़ाई और ब्यूटीशियन का प्रशिक्षण, श्रमिक परिवारों की महिलाओं को मिलेगा स्वरोजगार का अवसर
मोटाहल्दू (हल्द्वानी)। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में जयपुर खीमा ग्राम पंचायत में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत श्रम विभाग ने अस्मिता वेलफेयर सोसाइटी के सहयोग से निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ किया। शिविर का उद्घाटन ग्राम प्रधान सीमा पाठक ने किया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत श्रमिकों एवं उनके आश्रित परिवारों की महिलाओं और युवतियों को सिलाई-कढ़ाई तथा ब्यूटीशियन ट्रेड का निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरी तरह व्यावहारिक होगा, जिसमें आधुनिक तकनीकों से प्रतिभागियों को अवगत कराया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद महिलाएं स्वयं का रोजगार शुरू करने के साथ-साथ विभिन्न संस्थानों में रोजगार प्राप्त करने में भी सक्षम होंगी।
शिविर का उद्घाटन करते हुए ग्राम प्रधान सीमा पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना ग्रामीण महिलाओं के लिए आत्मनिर्भर बनने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं किसी हुनर में दक्ष होती हैं तो वे न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करती हैं, बल्कि समाज में भी अपनी अलग पहचान स्थापित करती हैं। उन्होंने श्रमिक परिवारों से अधिक से अधिक संख्या में प्रशिक्षण शिविर में पंजीकरण कर योजना का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में मौजूद जिला समन्वयक राजेश गुप्ता ने श्रम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर पात्र श्रमिक परिवार तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रतिभागियों को स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे अपने कौशल को आय का स्थायी स्रोत बना सकें।
प्रशिक्षक गीता भट्ट एवं सुनीता ने प्रशिक्षण की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि प्रशिक्षण पूरी तरह रोजगारोन्मुख होगा। इसमें प्रतिभागियों को आधुनिक तकनीकों के साथ व्यावहारिक अभ्यास कराया जाएगा, जिससे वे प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद आत्मविश्वास के साथ स्वरोजगार की शुरुआत कर सकें।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपना पंजीकरण कराया। प्रतिभागियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर खोलेंगे तथा उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान सीमा पाठक, जिला समन्वयक राजेश गुप्ता, प्रशिक्षक गीता भट्ट, सुनीता, समाजसेवी कीर्ति पाठक सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
श्रम विभाग ने सभी पात्र श्रमिकों एवं उनके आश्रित परिवारों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने और प्रशिक्षण शिविर में पंजीकरण कराने की अपील की है।






