तीनपानी बाईपास पर हादसों पर सख्ती: रॉन्ग साइड चलाने वालों पर होगी बीएनएस में कार्रवाई, डीएम ने दिए सुरक्षा इंतजाम के निर्देश

हल्द्वानी, 18 जुलाई। तीनपानी बाईपास पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा एक्शन प्लान तैयार किया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए कि ब्लैक स्पॉट का तत्काल सुधार कराया जाए। साथ ही ओवरस्पीडिंग और रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ऐसे वाहन चालकों पर जुर्माना लगाने, ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने, वाहन सीज करने के अलावा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा-281 के तहत कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

बैठक के बाद जिलाधिकारी ने तीनपानी बाईपास का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग और एनएचएआई के अधिकारियों को रात के समय होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सेंसर युक्त एलईडी स्ट्रीट लाइट, रिफ्लेक्टिव साइन बोर्ड, सीसीटीवी निगरानी कैमरे तथा अधिक संख्या में रम्बल स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन व्यवस्थाओं से वाहनों की गति नियंत्रित होगी और दुर्घटनाओं में कमी आएगी।
जिलाधिकारी ने पुलिस और परिवहन विभाग को पीक आवर्स के दौरान तीनपानी बाईपास पर विशेष तैनाती करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाकर दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए।
बैठक में जनपद के सभी ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित मार्गों की समीक्षा भी की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को ऐसे स्थानों पर शीघ्र क्रैश बैरियर, पैराफिट, चेतावनी संकेतक और निर्धारित गति सीमा के बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हो सके।
उन्होंने कोसी, अमृतपुर और गौला क्षेत्र में खनिज वाहनों की आवाजाही से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत के लिए खनिज न्याय निधि से 10 लाख रुपये स्वीकृत होने की जानकारी दी। साथ ही लोक निर्माण विभाग को सभी क्षतिग्रस्त मार्गों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने केंद्र सरकार की पीएम-राहत योजना की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को दुर्घटना की तिथि से सात दिनों तक अधिकतम 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने अधिकारियों को इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए।
सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत जिलाधिकारी ने स्वयं सड़क पर उतरकर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चला रहे लोगों को हेलमेट वितरित किए। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हमेशा हेलमेट पहनकर ही दोपहिया वाहन चलाएं।
बैठक में पुलिस अधीक्षक यातायात जगदीश चंद्र, संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडे, विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई तथा नगर निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।







