NBEMS द्वारा आयोजित NEET-PG की परीक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट
सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम, कल जनपद के 04 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी परीक्षा, 1041 अभ्यर्थी होंगे शामिल


नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) द्वारा दिनांक 30.08.2026 को आयोजित की जाने वाली NEET-PG की परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने कमर कस ली है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ0 मंजूनाथ टी०सी० के सख्त निर्देशों के अनुक्रम में आज श्री मनोज कुमार कत्याल (SP हल्द्वानी) द्वारा कोतवाली स्थित मीटिंग हॉल में परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी जोनल, सेक्टर व पुलिस अधिकारियों/कर्मचारियों की ब्रीफिंग ली गई।
परीक्षा का विवरण:
30 अगस्त 2026 (रविवार): NEET-PG परीक्षा (09:00 से 12:30 बजे) में काठगोदाम, हल्द्वानी, चोरगलिया और लालकुआं के 04 केंद्रों पर 1041 अभ्यर्थियों के लिए आयोजित होगी।
उक्त परीक्षाओं को सःकुशल सम्पन्न कराये जाने हेतु परीक्षा केन्द्रों पर जोनल पुलिस अधिकारी व सेक्टर पुलिस अधिकारी की नियुक्ति की गयी है तथा परीक्षा केन्द्रों पर सहायक सैक्टर पुलिस अधिकारी व परीक्षा केन्द्रों व आउटर कार्डन डियूटी पर पुलिस कर्मियों की तैनाती की गयी है।
परीक्षा को शुचितापूर्ण ढंग से कराने और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए एसपी हल्द्वानी द्वारा निम्नलिखित कड़े दिशा-निर्देश दिए गए:
कड़ी चेकिंग और डिजिटल सुरक्षा: सभी परीक्षा केंद्रों पर सघन चेकिंग एवं फ्रिस्किंग की जाएगी। सुरक्षा के लिहाज से केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर (DFMD/HHMD) का उपयोग होगा। परीक्षा में गड़बड़ी रोकने के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ जैमर भी एक्टिव रहेंगे।
प्रतिबंधित सामग्रियां: आयोग द्वारा निर्गत निर्देशों के अनुक्रम में परीक्षा केंद्र के भीतर किसी भी प्रकार की बाहरी वस्तु, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या अवांछित सामग्री का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहेगा।
परीक्षा केंद्रों के आसपास पाबंदी: सभी जोनल/सेक्टर पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में कोई भी इंटरनेट कैफे, फोटोकॉपी की दुकान या अन्य संबंधित संस्थान परीक्षा के दौरान खुला न रहे।
होटल और ढाबों की सघन चेकिंग: सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले होटलों, ढाबों, लॉज और होम-स्टे की सघन चेकिंग करने के आदेश दिए गए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध तत्व पर नजर रखी जा सके।
सुचारू यातायात व्यवस्था: निरीक्षक यातायात को निर्देशित किया गया कि परीक्षा के दिन अभ्यर्थियों और आम जनता को असुविधा न हो, इसके लिए शहर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह निर्बाध रूप से चलती रहे।
कड़ा सुरक्षा घेरा और सघन चेकिंग: परीक्षा केंद्र में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति पर पैनी नजर रखी जाएगी। किसी भी प्राधिकृत व्यक्ति के अलावा अन्य किसी को भी परीक्षा केंद्र के भीतर जाने की अनुमति कतई नहीं होगी।
हाई-टेक उपकरणों पर नजर: इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स और आधुनिक तकनीकों के जरिए होने वाली धांधली को रोकने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी ‘पेनटॉर्च’ (Pentorch) से लैस होंगे, जिसके जरिए ब्लूटूथ और अन्य सूक्ष्म ईयर डिवाइसेज की बारीकी से चेकिंग की जाएगी।
अधिकारियों की लगातार मूवमेंट: सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सभी जोनल अधिकारी, सेक्टर अधिकारी और डायल-112 की गाड़ियां लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहेंगी, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
सोशल मीडिया और साइबर सेल की पैनी नजर: परीक्षा से जुड़ी किसी भी प्रकार की अफवाह, पेपर लीक के झूठे दावों या संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए जिले की सोशल मीडिया मॉनीटरिंग टीम हर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चौबीसों घंटे पैनी नजर रख रही है। इसके साथ ही जनपद की साइबर और एसओजी (SOG) टीम भी परीक्षा केंद्रों के आसपास लगातार सक्रिय और अलर्ट मोड पर रहेगी।
कंट्रोल रूम से रियल-टाइम मॉनीटरिंग: संपूर्ण परीक्षा पर नजर रखने के लिए कंट्रोल रूम पल-पल की स्थिति पर नजर रखते हुए उच्चाधिकारियों को लगातार परीक्षा से जुड़े हर अपडेट से अवगत कराता रहेगा।
ब्रीफिंग के दौरान Shri विमल प्रसाद (सीओ लालकुआं) ने भी पुलिस बल को ड्यूटी के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग में श्री विजय मेहता प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी, श्री बृजमोहन सिंह राणा प्रभारी निरीक्षक लालकुआं, श्री तारा सिंह राणा थानाध्यक्ष चोरगलिया समेत ड्यूटीरत अधिकारी/कर्मी मौजूद रहे।







