कैलाश मानसरोवर यात्रा 04 जुलाई से शुरू, श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता इंतजाम

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 05 जुलाई को टीआरसी, टनकपुर से दल को हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना, कुमाऊं आयुक्त ने यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की

हल्द्वानी 27 जून 2026, कुमाऊंआयुक्त/सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत की अध्यक्षता में आज कैलाश मानसरोवर यात्रा की तैयारियों को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक हल्द्वानी कैम्प कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

मंडल आयुक्त ने बताया कि कैलाश मानसरोवर यात्रा 04 जुलाई, 2026 से प्रारंभ होगी। माननीय मुख्यमंत्री, उत्तराखंड सरकार श्री पुष्कर सिंह धामी 05 जुलाई, 2026 को श्रद्धालुओं के प्रथम दल को हरी झंडी दिखाकर टीआरसी टनकपुर से लिपुलेख-गुंजी के लिए रवाना करेंगे।

कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम जनपद पिथौरागढ़ व जनपद चंपावत के जिला अधिकारी व पुलिस अधीक्षक सहित केएमवीएन के अधिकारियों के साथ ही बीआरओ,एनएच,सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों से वार्ता कर कैलाश मानसरोवर यात्रा को सुगम, सुव्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराए जाने के निर्देश दिए। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं को भी अधिक बेहतर बनाने के निर्देश दिए। कुमाऊं आयुक्त ने श्रद्धालुओं के ठहरने, खाने-पीने और सुगम आवागमन की सभी व्यवस्थाएं को पहले ही पूर्ण करने व यात्रा मार्ग पर स्थित पड़ावों पर समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं। कुल 10 दल कैलाश मानसरोवर यात्रा हेतु रवाना होंगे। प्रत्येक दल में लगभग 50 श्रद्धालु होंगे। टनकपुर से दल की कैलाश मानसरोवर यात्रा 18 दिन की होगी।

स्वास्थ्य अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल व्यवस्था करने और आपात स्थिति हेतु डॉक्टरों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती, एम्बुलेंस आदि की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

कैलाश मानसरोवर यात्रा के दौरान भू-स्खलन और वर्षा की स्थिति में श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने हेतु उचित व्यवस्था की गई है। एनडीआरएफ/एसडीआरएफ की टीमें अलर्ट मोड पर रहेंगी।विषम परिस्थितियों में श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की व्यवस्था कर ली गई है। यात्रा मार्ग पर सड़क अवरुद्ध होने की स्थिति में तत्काल खोलने हेतु बीआरओ और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है। सभी संवेदनशील स्थानों पर मशीनरी तैनात रहेगी।

मंडल आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और “अतिथि देवो भवः” की भावना के साथ सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिलाधिकारी चंपावत व जिलाधिकारी पिथौरागढ़, वरिष्ठ अधीक्षक पिथौरागढ़, पुलिस अधीक्षक चंपावत, बीआरओ चीफ, महाप्रबंधक केएमवीएन मनीष कुमार आदि उपस्थित रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page