जोधपुर के पर्यटक का खोया मोबाइल महज कुछ घंटों में तलाश कर वापस लौटाया, पर्यटक ने जताया आभार और उत्तराखण्ड पुलिस की हुई प्रशंसा

एसएसपी नैनीताल के निर्देशन में नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई

उत्तराखण्ड पुलिस की ‘मित्र पुलिस’ छवि और मुस्तैदी का एक और सराहनीय उदाहरण नैनीताल में देखने को मिला। यहाँ नैनीताल पुलिस की चीता मोबाइल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्थान से आए एक पर्यटक का खोया हुआ कीमती मोबाइल फोन ढूंढकर सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया।

दिनांक 24.06.2026 को जोधपुर (राजस्थान) के रहने वाले पर्यटक सुनील प्रजापत पुत्र पुखराज प्रजापत, जो इन दिनों नैनीताल भ्रमण पर आए हुए हैं, उनका मोबाइल फोन अचानक नैनीताल मार्केट में कहीं गुम हो गया था। काफी खोजबीन के बाद भी फोन न मिलने पर पीड़ित सुनील प्रजापत ने कोतवाली मल्लीताल आकर अपने फोन की गुमशुदगी दर्ज कराई।

मामले की संवेदनशीलता और पर्यटक की परेशानी को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक श्री राजेंद्र रावत के निर्देशन में तत्काल ‘चीता मोबाइल’ टीम को सक्रिय किया गया। चीता मोबाइल के पुलिस कर्मियों ने बिना वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई शुरू की और कड़ी खोजबीन व तकनीकी सहायता के बाद महज कुछ ही घंटों के भीतर गुमशुदा मोबाइल फोन को सकुशल बरामद कर लिया।

कोतवाली मल्लीताल में जब मोबाइल स्वामी सुनील प्रजापत को उनका फोन वापस सौंपा गया, तो वे भावुक हो गए। अपना फोन वापस पाकर पर्यटक के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने उत्तराखण्ड पुलिस की कार्यप्रणाली, तत्परता और ईमानदारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस सचमुच जनता की सच्ची मददगार है।

 


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page