कैंची धाम मेले के दृष्टिगत मंदिर परिसर, बैरियरों एवं यातायात मार्गों पर संदिग्ध व्यक्ति/वस्तुओं की सघन चेकिंग अभियान जारी

कैंची धाम स्थापना दिवस एवं बाबा नीम करौली महाराज जन्मोत्सव मेले-2026 के सफल एवं सुरक्षित आयोजन को दृष्टिगत रखते हुए नैनीताल पुलिस द्वारा मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, शटल सेवा मार्गों, प्रमुख यातायात मार्गों तथा जनपद की सीमाओं एवं विभिन्न बैरियरों पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस बल द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं लावारिस/संदिग्ध वस्तुओं की सघन चेकिंग की जा रही है। जनपद में स्थापित सभी प्रमुख बैरियरों एवं चेक पोस्टों पर आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।

मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु डॉग स्क्वाड, बम निरोधक दस्ता एवं एंटी सबोटाज टीम द्वारा नियमित रूप से निरीक्षण एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त पार्किंग स्थलों, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड, होटल, धर्मशालाओं एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी विशेष चेकिंग एवं निगरानी की जा रही है।

यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा मेले को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु विभिन्न मार्गों एवं चेकिंग प्वाइंटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

नैनीताल पुलिस आमजन एवं श्रद्धालुओं से अपील करती है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा लावारिस वस्तु की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस कर्मी अथवा कंट्रोल रूम को दें। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा निर्धारित यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था का पालन करें।

 


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page