सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या घटाने पर भड़के हेमन्त साहू, बोले- गरीब परिवारों पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ

देहरादून। युवा कांग्रेस उत्तराखंड के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पार्षद प्रतिनिधि हेमन्त साहू ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी वाले गैस सिलेंडरों की संख्या कम किए जाने के फैसले पर केंद्र सरकार को घेरा है। उन्होंने इस निर्णय को गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के हितों के खिलाफ बताते हुए इसे जनविरोधी कदम करार दिया।
हेमन्त साहू ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती महंगाई से आम जनता पहले ही परेशान है। खाद्य पदार्थों से लेकर दैनिक उपयोग की वस्तुओं तक की कीमतों में वृद्धि ने घरेलू बजट को प्रभावित किया है। ऐसे समय में सब्सिडी वाले गैस सिलेंडरों की संख्या 9 से घटाकर चार करना लाखों परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने जैसा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों, विशेषकर महिलाओं को स्वच्छ और सुरक्षित ईंधन उपलब्ध कराना था। लेकिन सब्सिडी में कटौती के इस फैसले से योजना का मूल उद्देश्य प्रभावित होगा। इससे गरीब परिवारों को अधिक कीमत पर गैस सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिसका सीधा असर उनके मासिक खर्च पर पड़ेगा।
युवा कांग्रेस नेता ने कहा कि रसोई गैस आज हर घर की आवश्यकता बन चुकी है। ऐसे में सब्सिडी में कमी का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और गृहिणियों पर पड़ेगा। कई परिवारों के सामने घरेलू खर्चों का संतुलन बनाए रखना चुनौती बन जाएगा।
हेमन्त साहू ने केंद्र सरकार से इस फैसले पर पुनर्विचार करने की मांग करते हुए कहा कि गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत देने के लिए पहले की तरह पर्याप्त संख्या में सब्सिडी वाले गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को आम जनता की परेशानियों को समझते हुए जनहित में निर्णय लेना चाहिए, ताकि उज्ज्वला योजना का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक प्रभावी रूप से पहुंचता रहे।







