अचानक सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री, दिल की जांच कराई; बोले- ‘सब ठीक चल रहा है’

हल्द्वानी। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल शुक्रवार को अचानक हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंच गए। स्वास्थ्य मंत्री के अचानक अस्पताल पहुंचने से वहां मौजूद डॉक्टरों और कर्मचारियों में हलचल मच गई।
अस्पताल पहुंचते ही स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों से अपने दिल की जांच करने को कहा। इसके बाद अस्पताल के एमएस डॉ. अरुण जोशी और उनकी टीम ने स्वास्थ्य मंत्री का ईको परीक्षण किया। जांच रिपोर्ट में स्वास्थ्य मंत्री का दिल पूरी तरह सामान्य और सही तरीके से धड़कता मिला।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर भर्ती मरीजों से बातचीत की और उनका हालचाल जाना। मरीजों से इलाज, दवाइयों और अस्पताल में मिल रही सुविधाओं को लेकर भी जानकारी ली।
अचानक हुए निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन सतर्क नजर आया। स्वास्थ्य मंत्री ने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों से अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। वहीं, मरीजों और उनके तीमारदारों ने मंत्री के बीच पहुंचने पर अपनी समस्याएं भी रखीं।
स्वास्थ्य मंत्री के इस औचक दौरे को अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता परखने के तौर पर देखा जा रहा है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page