जेईई मेंस 2026 में गूंजा आर्डन स्कूल का परचम, टॉप स्कोर से छात्रों ने रचा इतिहास

हल्द्वानी/लामाचौड़ शहर के प्रतिष्ठित आर्डन प्रोग्रसिव स्कूल, लामाचौड़ के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए जे.ई.ई. (मेंस) परीक्षा 2026 में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम पूरे जिले और प्रदेश में रोशन कर दिया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित इस देश की प्रतिष्ठित परीक्षा में छात्रों के उत्कृष्ट परिणामों ने सफलता के नए आयाम स्थापित किए हैं।
विद्यालय प्रबंधन से प्राप्त जानकारी के अनुसार इस वर्ष कई विद्यार्थियों ने उच्च एनटीए स्कोर हासिल कर अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन का परिचय दिया। मेधावी छात्र दिव्यांशु बिष्ट ने 99.67 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं नैतिक जोशी ने 99.4 प्रतिशत, कार्तिक भट्ट ने 97.43 प्रतिशत, दिव्यांशु जोशी ने 96.6 प्रतिशत, मिहिर त्रिपाठी ने 95.33 प्रतिशत तथा अक्षत त्रिपाठी ने 93.2 प्रतिशत अंक अर्जित कर सफलता की शानदार मिसाल पेश की।
इन उत्कृष्ट परिणामों से विद्यालय परिसर में हर्ष और उत्साह का माहौल है। शिक्षकों एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया है।
विद्यालय के प्रबंधक एवं प्रधानाचार्य ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन और विद्यालय की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा व्यवस्था का प्रतिफल है। उन्होंने विश्वास जताया कि ये सभी विद्यार्थी भविष्य में भी इसी प्रकार सफलता के नए शिखर छूकर देश और समाज का नाम रोशन करेंगे।







