हिमालयी जायकों’ का ग्लोबल तड़का: सेलिब्रिटी शेफ भूपेंद्र रावत ने छात्रों को सिखाए सफलता के स्वाद

हल्द्वानी 11 मई । ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी के होटल एवं हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट विभाग में आयोजित विशेष पाक कला कार्यक्रम में उस समय उत्साह का माहौल बन गया, जब प्रसिद्ध सेलिब्रिटी शेफ और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर भूपेंद्र सिंह रावत ने छात्रों को हिमालयी व्यंजनों के वैश्विक आयामों से रूबरू कराया। कार्यक्रम में पारंपरिक स्वाद, आधुनिक प्रस्तुति और करियर की नई संभावनाओं का अनोखा संगम देखने को मिला।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण शेफ भूपेंद्र सिंह रावत का लाइव कुकिंग डेमोंस्ट्रेशन रहा। उन्होंने पारंपरिक हिमालयी व्यंजनों को आधुनिक प्लेटिंग और ग्लोबल प्रजेंटेशन के साथ तैयार कर छात्रों को बताया कि स्थानीय स्वादों को किस तरह अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में केवल अच्छा खाना बनाना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उसे प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उसकी कहानी पहुंचाना भी उतना ही जरूरी है।


शेफ रावत ने छात्रों को कंटेंट क्रिएशन, फूड ब्रांडिंग और सस्टेनेबल कुकिंग के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि हिमालयी खानपान में अपार संभावनाएं हैं और यदि इसे आधुनिक सोच व नवाचार के साथ जोड़ा जाए तो यह विश्व स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकता है।


इस अवसर पर विश्वविद्यालय के निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य छात्रों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखना नहीं, बल्कि उन्हें उद्योग जगत के विशेषज्ञों से व्यावहारिक अनुभव भी उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन शिक्षा और उद्योग के बीच की दूरी को कम करते हैं और विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करते हैं।
डॉ. लोहानी ने जानकारी दी कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के मेधावी छात्रों के लिए ‘सर्टिफिकेट कोर्स इन होटल मैनेजमेंट’ पूरी तरह निशुल्क संचालित किया जाएगा। यह कोर्स देहरादून और हल्द्वानी दोनों परिसरों में शुरू किया जाएगा, जिसमें इंडस्ट्री ट्रेनिंग भी शामिल होगी।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के चेयरमैन डॉ. कमल घनशाला के मार्गदर्शन में ऐसे युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिनमें प्रतिभा तो है लेकिन संसाधनों की कमी है। विश्वविद्यालय का लक्ष्य उत्तराखंड की हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री को वैश्विक पहचान दिलाने वाले कुशल प्रोफेशनल तैयार करना है।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अतिथि और बड़ी संख्या में छात्र मौजूद रहे। विभाग की पहल की सराहना करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने भविष्य में भी कौशल आधारित और रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम का समापन शेफ भूपेंद्र सिंह रावत के सम्मान और पारंपरिक व्यंजनों से सजे विशेष ‘हिमालयी लंच’ के साथ हुआ, जहां छात्रों और अतिथियों ने पहाड़ी स्वादों का आनंद लिया।


Advertisements

गिरीश भट्ट

मुख्य संवाददाता - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page