NEET में सफलता न मिलने से निराश युवती की मौत, कमरे से मिला सुसाइड नोट

देहरादून। कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत चंद्रमणि कॉलोनी में मंगलवार सुबह एक युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में पढ़ाई में अपेक्षित सफलता नहीं मिलने से युवती के मानसिक रूप से परेशान होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार चंद्रमणि कॉलोनी निवासी रिया कुमारी (23) मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET की तैयारी कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह पहले भी परीक्षा में शामिल हो चुकी थी, लेकिन चयन न होने के कारण काफी समय से निराश चल रही थी।
मंगलवार सुबह जब परिजन उसके कमरे में पहुंचे तो वह अचेत अवस्था में मिली। परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पटेल नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
कमरे से मिला सुसाइड नोट
पुलिस ने कमरे की तलाशी के दौरान एक सुसाइड नोट बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में नोट से यह संकेत मिला है कि युवती पढ़ाई में सफलता नहीं मिलने के कारण मानसिक दबाव में थी। पुलिस ने सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर जांच में शामिल कर लिया है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सीओ सदर अंकित कंडारी ने बताया कि मौके से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page