होटल के कमरे में महिला सहकर्मी के साथ मिले बिजली विभाग के इंजीनियर, पति ने बुलाई पुलिस


लखनऊ। गोमतीनगर स्थित एक होटल में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता के महिला सहकर्मी के साथ मौजूद होने का मामला सामने आया है। महिला के पति की सूचना पर पुलिस होटल पहुंची और दोनों से पूछताछ की। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद बिजली विभाग में भी मामला चर्चा में आ गया है। हालांकि, अधिशासी अभियंता ने वायरल वीडियो को पुराना बताते हुए अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों से इनकार किया है।
पति की सूचना पर होटल पहुंची पुलिस
जानकारी के मुताबिक, मामला गोमतीनगर स्थित कॉन्टिनेंटल होटल का है। बताया जा रहा है कि महिला का पति होटल पहुंचा था, जहां उसने बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता उदय प्रताप और महिला कंप्यूटर ऑपरेटर को एक ही कमरे में देखा। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर गोमतीनगर पुलिस होटल पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में दोनों से पूरे मामले को लेकर पूछताछ की गई। इस दौरान होटल में कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति भी बनी। बताया जा रहा है कि बाद में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया।
बांदा में तैनाती के दौरान बढ़ी थी नजदीकी, ऐसा है आरोप
सूत्रों के अनुसार, महिला पूर्व में बांदा में मध्यांचल विद्युत वितरण निगम के अधिशासी अभियंता उदय प्रताप के कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ने की बात सामने आई है। बाद में अधिशासी अभियंता का स्थानांतरण बांदा से गोंडा हो गया।
आरोप है कि इसके बाद अधिशासी अभियंता ने महिला को लखनऊ बुलाया और खुद भी गोंडा से लखनऊ पहुंचे। दोनों के गोमतीनगर स्थित होटल में ठहरने की जानकारी महिला के पति को मिली, जिसके बाद वह होटल पहुंच गया और पुलिस को सूचना दी।
इंजीनियर ने आरोपों से किया इनकार
वहीं, अधिशासी अभियंता उदय प्रताप ने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा वीडियो पुराना है। उन्होंने बताया कि बांदा में तैनाती के दौरान लखनऊ में उनका एक प्रेजेंटेशन था। प्रेजेंटेशन की तैयारी में सहयोग के लिए वह महिला कंप्यूटर ऑपरेटर को अपने साथ लखनऊ लेकर आए थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो और पूरे मामले को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है और वास्तविक तथ्यों को सामने नहीं रखा गया है।
वायरल वीडियो के बाद विभाग ने शुरू की जानकारी जुटाना
मामले से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने भी अपने स्तर से जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। विभाग की ओर से महिला को लखनऊ बुलाए जाने की वजह, होटल में दोनों की मौजूदगी और वायरल वीडियो से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई के संबंध में निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले को लेकर विभागीय स्तर पर पड़ताल जारी है।






