150 करोड़ की संपत्ति के लालच में बेटे ने पिता को मारीं 6 गोलियां, मां बोली- ‘तूने पूरा घर उजाड़ दिया’

मोदीनगर (गाजियाबाद)। गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। करीब 150 करोड़ रुपये की संपत्ति के विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी बेटे ने देर रात शराब के नशे में घर पहुंचकर पहले पिता से विवाद किया और फिर अवैध पिस्टल से उनके चेहरे, सीने और पेट में ताबड़तोड़ छह गोलियां दाग दीं। गंभीर रूप से घायल पिता को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की चार टीमें जुटी हैं।
शराब पीकर घर पहुंचा, डांट पड़ते ही कर दी हत्या
पुलिस के मुताबिक, बुदाना गांव निवासी 52 वर्षीय हरिओम चौधरी बुधवार रात पत्नी अनीता और छोटे बेटे नीशू के साथ भोजन करने के बाद घर पर मौजूद थे। इसी दौरान बड़ा बेटा निखिल (32) देर रात शराब के नशे में घर पहुंचा। पिता ने उसके शराब पीकर आने पर नाराजगी जताई और फटकार लगाई। इसी बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर निखिल ने अवैध पिस्टल निकाल ली। पहले गाली-गलौज और हाथापाई हुई, फिर उसने पिता पर एक के बाद एक छह गोलियां चला दीं। गोली लगते ही हरिओम चौधरी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।
पति का शव देखकर मां फूट-फूटकर रोई
गोलियों की आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पति को खून से लथपथ पड़ा देखकर पत्नी अनीता की चीख निकल गई। वह बेटे से बिलखते हुए कहती रही, “तूने पूरा घर उजाड़ दिया।” परिजन और पड़ोसी घायल हरिओम को अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
150 करोड़ की संपत्ति को लेकर था विवाद
जांच में सामने आया है कि हरिओम चौधरी संपन्न किसान थे। उनके नाम मोदीनगर में करीब 75 बीघा जमीन और दिल्ली-मेरठ रोड स्थित जीवन अस्पताल के सामने एक मार्केट है। परिवार की कुल संपत्ति लगभग 150 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, हरिओम अपने बड़े बेटे निखिल को पहले ही 25 बीघा जमीन और मार्केट में दुकानें दे चुके थे। इसके बावजूद निखिल पूरी संपत्ति अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। हरिओम को आशंका थी कि बेटा संपत्ति बेचकर शराब और अन्य गलत आदतों में पैसा खर्च कर देगा, इसलिए वह बाकी संपत्ति उसके नाम करने को तैयार नहीं थे।
पहले भी छोटे भाई पर चला चुका है गोली
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि करीब आठ वर्ष पहले आरोपी निखिल ने अपने छोटे भाई नीशू पर भी गोली चला दी थी। हालांकि उस घटना में नीशू की जान बच गई थी। इसके बाद भी निखिल की शराब की लत और आक्रामक व्यवहार को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था।
चार टीमें आरोपी की तलाश में जुटीं
एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद से फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी







