दमुवाढूंगा में ड्रोन सर्वे शुरू, राजस्व अभिलेखीकरण को मिलेगी रफ्तार
वार्ड 35 से 38 तक सर्वेक्षण अभियान का शुभारंभ, वर्षों से लंबित प्रक्रिया पूरी होने की जगी उम्मीद


हल्द्वानी। दमुवाढूंगा क्षेत्र के वार्ड संख्या 35, 36, 37 एवं 38 में शनिवार को राजस्व अभिलेखीकरण प्रक्रिया के तहत ड्रोन सर्वे का विधिवत शुभारंभ किया गया। आधुनिक तकनीक से किए जा रहे इस सर्वे को क्षेत्र के राजस्व अभिलेखों को व्यवस्थित करने और भूमि संबंधी रिकॉर्ड तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
प्रशासन की ओर से शुरू किए गए इस अभियान के तहत ड्रोन की सहायता से क्षेत्र का विस्तृत सर्वेक्षण किया जाएगा। इसके आधार पर राजस्व अभिलेख तैयार किए जाएंगे, जिससे लंबे समय से राजस्व रिकॉर्ड में शामिल होने की प्रतीक्षा कर रहे क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही भूमि संबंधी अभिलेखीकरण की वर्षों से लंबित प्रक्रिया को भी गति मिलेगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजस्व अभिलेखीकरण पूरा होने के बाद उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं और भूमि संबंधी कार्यों में सुविधा मिलेगी। क्षेत्र के विकास कार्यों को भी इससे नई दिशा मिलने की संभावना है।
ड्रोन सर्वे के शुभारंभ के अवसर पर क्षेत्र के पूर्व प्रधान महेश जोशी, वरिष्ठ भाजपा नेता देवीदयाल उपाध्याय, वार्ड संख्या 37 के पार्षद प्रतिनिधि हृदयेश कुमार, मनोनीत पार्षद पन राम, महेशानंद, श्रीमती मुन्नी बिष्ट सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने सर्वे कार्य के सफल संचालन की उम्मीद जताते हुए इसे क्षेत्र के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया।






