विजयपुर-पहाड़पानी से देवलामल्ला तक बनेगा मोटर मार्ग, सूखी नदी पर 125 मीटर लंबा काजवे होगा तैयार

सांसद अजय भट्ट ने किया निर्माणाधीन सड़क एवं काजवे का स्थलीय निरीक्षण, अधिकारियों को गुणवत्ता और समयसीमा का पालन करने के निर्देश

हल्द्वानी। नैनीताल जनपद के विकासखंड हल्द्वानी अंतर्गत विजयपुर-पहाड़पानी पैदल मार्ग से देवलामल्ला तक मोटर मार्ग निर्माण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस महत्वपूर्ण परियोजना के तहत सूखी नदी पर 125 मीटर लंबे काजवे का भी निर्माण किया जा रहा है। नैनीताल-उधम सिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने निर्माणाधीन सड़क एवं काजवे का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

परियोजना के अंतर्गत कुल 1.300 किलोमीटर मोटर मार्ग तथा 125 मीटर लंबे काजवे का निर्माण कराया जा रहा है। इस परियोजना पर कुल 3 करोड़ 87 लाख 18 हजार रुपये की धनराशि खर्च की जा रही है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद विजयपुर-पहाड़पानी और देवलामल्ला क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान सांसद अजय भट्ट ने स्थानीय ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को दूरभाष पर निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना को पूरा किया जाए।

वन विभाग को भुगतान के लिए बजट उपलब्ध कराने के निर्देश

परियोजना के अंतर्गत वन विभाग को लगभग 1 करोड़ 16 लाख रुपये की धनराशि का भुगतान किया जाना है। इस संबंध में सांसद अजय भट्ट ने संबंधित विभागाध्यक्ष (एचओडी) राजेश शर्मा से दूरभाष पर वार्ता कर आवश्यक बजट शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि बजट के अभाव में निर्माण कार्य प्रभावित न हो।

सड़क निर्माण पूरा होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को पैदल आवागमन की कठिनाइयों से राहत मिलेगी। इसके साथ ही दैनिक आवागमन, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में भी यह मार्ग काफी उपयोगी साबित होगा।

निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग नैनीताल रतनेश सक्सेना, सहायक अभियंता मनोज पांडे, एसडीएम हल्द्वानी मोनिका आर्य, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी एवं क्षेत्र के ग्रामीण उपस्थित रहे।


Advertisements

गणेश मेवाड़ी

संपादक - मानस दर्पण

You cannot copy content of this page